जेईई मेन 2026 सेशन 2 की परीक्षा 2 अप्रैल से शुरू होगी और इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड का इंतजार है। इस इंतजार के बीच जेईई मेन की परीक्षा के शेड्यूल में बदलाव के संकेत मिले हैं। दरअसल, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने यह बताया है कि केंद्र सरकार ने 5 अप्रैल को होने वाले पेपर में शामिल होने में असमर्थ कैंडिडेट्स के लिए एग्जाम की डेट को रीशेड्यूल करने की परमिशन दे दी है।
क्यों रीशेड्यूल होगी 5 अप्रैल की परीक्षा?
केंद्रीय टूरिज्म और पेट्रोलियम और नेचुरल गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने यह जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने जेईई मेन 2026 की जो परीक्षा 5 अप्रैल को होनी है उसे रीशेड्यूल करने की मंजूरी दे दी है। 5 अप्रैल को ईस्टर संडे फेस्टिवल के चलते जो कैंडिडेट इस एग्जाम में शामिल नहीं हो पाएंगे उनके लिए नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। यह फैसला चर्च के अधिकारियों और ईसाई कम्युनिटी के प्रतिनिधियों के अनुरोध के बाद लिया गया है।
JEE Main 2026: Session 2 Admit Card LIVE
तिथि में बदलाव चाहने वाले कैंडिडेट्स क्या करें?
सुरेश गोपी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन पर यह जानकारी दी है कि जो छात्र 5 अप्रैल को परीक्षा में शामिल होने में असमर्थ हैं उन्हें तिथि में परिवर्तन के लिए आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तिथि में बदलाव चाहने वाले छात्रों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी डिटेल्स ईमेल jeemain.query@nta.ac.in पर भेजें। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 है।
ईसाई समुदाय ने की थी यह मांग
सुरेश गोपी ने छात्रों और ईसाई समुदाय की चिंताओं को दूर करने के लिए केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय का आभार जताया है। बता दें कि इससे पहले केरल कैथोलिक बिशप्स काउंसिल (KCBC) ने सरकार से आग्रह किया था कि वे ऑल इंडिया इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल बदल दें, जो ‘मोंडी थर्सडे’ और ‘ईस्टर संडे’ जैसे ईसाई पवित्र दिनों पर आयोजित होने वाली थीं।
