जेईई मेन 2026 सेशन 2 की परीक्षा कल (2 अप्रैल 2026) से आयोजित की जाएंगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी कि एनटीए इन परीक्षाओं का आयोजन करेगी। 8 अप्रैल तक चलने वाली जेईई मेन सेशन 2 परीक्षा में जो कैंडिडेट शामिल होने वाले हैं उनके लिए एनटीए ने कुछ जरूरी दिशानिर्देश जारी किए हैं। एनटीए की ओर से जारी गाइडलाइन में एग्जाम सेंटर पर जाने से पहले और एग्जाम सेंटर पर जाने के बाद ध्यान रखने वाली बातों का जिक्र किया है।

दो शिफ्ट में आयोजित होगी परीक्षा

2 अप्रैल से लेकर 8 अप्रैल तक आयोजित होने वाली जेईई मेन सेशन 2 परीक्षा कई दिनों में होगी जिसमें पेपर 1 रोजाना दो शिफ्ट में होगा। सुबह की शिफ्ट सुबह 9 बजे शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं दोपहर की शिफ्ट 3 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक चलेगी। वहीं पेपर 2, जो BArch और BPlanning प्रोग्राम में अप्लाई करने वाले कैंडिडेट्स के लिए है। इस एग्जाम के आखिरी दिन इसका पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में होगा।

CBSE Class 10th Result 2026 Date: कब आएगा सीबीएसई कक्षा 10 रिजल्ट, ऐसे करें चेक और जानें नया एग्जाम सिस्टम

परीक्षा में कितने कैंडिडेट होंगे शामिल?

जेईई मेन 2026 सेशन की परीक्षा में कितने लाख उम्मीदवार शामिल होंगे इसकी कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं दी गई है, लेकिन सेशन 1 की परीक्षा के आधार पर ये माना जा रहा है कि सेशन 2 परीक्षा के लिए भी 10 लाख से अधिक कैंडिडेट्स उपस्थित हो सकते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह कहा जा रहा है कि इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या 13 लाख से भी अधिक हो सकती है।

JEE Main 2026: कैंडिडेट्स के लिए जरूरी दिशानिर्देश

जेईई मेन परीक्षा को लेकर एनटीए ने एक अहम गाइडलाइन जारी की है जिसमें बताया गया है कि एग्जाम सेंटर पर क्या लेकर जाना है और क्या नहीं, क्या पहनना है और क्या नहीं। इस एग्जाम गाइडलाइन को फॉलो नहीं करने वाले कैंडिडेट्स को सेंटर पर परीक्षा देने से भी रोका जा सकता है।

जेईई मेन 2026 अप्रैल सेशन की परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट के लिए एग्जाम सेंटर पर ले जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण चीजों में एडमिट कार्ड सबसे पहले नंबर पर है। एग्जाम अथॉरिटी ने कहा है कि इसके बिना, किसी भी हालत में एंट्री नहीं दी जाएगी।

एडमिट कार्ड की प्रिंटेंड कॉपी ही चलेगी स्क्रीनशॉट या फोन पर डिजिटल कॉपी एक्सेप्ट नहीं की जाएगी। एडमिट कार्ड के साथ, कैंडिडेट्स को एक ओरिजिनल फोटो पहचान प्रूफ ले जाना जरूरी है।

आईडी प्रूफ में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर ID, पासपोर्ट, PAN कार्ड या कोई और सरकारी फोटो ID मान्य होगी।

सेंटर पर पहुंचने से पहले एडमिट कार्ड पर हालिया पासपोर्ट-साइज फोटो चिपकानी होगी। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे उसी फोटो की कम से कम दो और कॉपी ले जाएं।

एग्जाम सेंटर पर अटेंडेंस शीट के लिए एक पासपोर्ट-साइज फोटो लगेगी।

JEE Main 2026 Session 2: रिपोर्टिंग टाइम

एग्जाम सेंटर पर पहुंचने का समय आपके एडमिट कार्ड पर दिया गया होगा। एनटीए ने बताया है कि कैंडिडेट्स तय रिपोर्टिंग टाइम से काफी पहले एग्जाम सेंटर पहुंचने की कोशिश करें। शिफ्ट शुरू होने से पहले गेट बंद हो जाता है और देर से आने वालों को एंट्री नहीं दी जाती है। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली शिफ्ट के लिए, कैंडिडेट्स को सुबह 7:30 बजे तक रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है। वहीं दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली शिफ्ट के लिए, दोपहर 1:30 बजे तक रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है।

एग्जाम सेंटर पर क्या-क्या नहीं लेकर जाना है

NTA ने ऐसी चीजों की एक लिस्ट जारी की है जो एग्जाम सेंटर के अंदर लेकर नहीं जानी हैं। अगर कैंडिडेट्स के पास इनमें से कोई भी चीज पाई जाती है, तो उन्हें एग्जाम देने से रोका जा सकता है।

सेंटर पर नहीं ले जाने वाली चीजों में स्टेशनरी इंस्ट्रूमेंट, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, स्लाइड रूल, लॉग टेबल, डॉक्यूमेंट्री शामिल है। इसके अलावा कम्युनिकेशन डिवाइस में मोबाइल फोन, ईयरफ़ोन, माइक्रोफोन, पेजर सेंटर पर नहीं लेकर जा सकते। कैमरा और टेक रिकॉर्डर जैसी चीजें भी प्रतिबंधित है।

पर्सनल सामान में हैंडबैग, पर्स, वॉलेट भी सेंटर के अंदर लेकर नहीं जा सकते। साथ ही खाने-पीने की चीजें भी सेंटर के अंदर ले जाने की परमिशन नहीं होगी। हालांकि डायबिटिक स्टूडेंट्स के लिए छूट होगी वह खाने-पीने का सामान या अपनी दवा ले जा सकते हैं। इसके अलावा कोई भी प्रिंटेड या लिखा हुआ सामान, टेक्स्टबुक, नोट्स, या खुले कागज सेंटर के अंदर ले जाने की परमिशन नहीं होगी। किसी भी तरह के मेटल के सामान और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी बैन हैं।

JEE Main 2026 Session 2: ड्रेस कोड

NTA ने परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के मकसद से एक सीधा-सादा ड्रेस कोड तय किया है। कैंडिडेट्स को इन बातों का ध्यान रखना चाहिए कि वह सेंटर पर मेटैलिक चीजों वाली ज्वेलरी या एक्सेसरीज पहनने से बचें। इसमें अंगूठी, ब्रेसलेट, इयररिंग्स, नेकलेस और चूड़ियां शामिल हैं। वहीं एग्जाम हॉल के अंदर मोटे सोल वाले जूते पहनने की इजाजत नहीं है। इसके अलावा सेंटर में स्कार्फ और स्टोल पहनकर आने की भी परमिशन नहीं होगी। कपड़े सिंपल और आरामदायक होने चाहिए।

JEE Main 2026 Session 2: डायबिटीज वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी गाइडलाइन

एनटीए ने डायबिटीज वाले स्टूडेंट्स के लिए ऊपर दिए गए नियमों में थोड़ी राहत दी है। एनटीए ने कहा है कि जिन उम्मीदवारों को डायबिटीज होगी उन्हें एग्जाम सेंटर के अंदर कुछ खाने की चीजें ले जाने की अनुमति होगी। कैंडिडेट्स को शुगर टैबलेट और केले, सेब और संतरे जैसे फल ले जाने की इजाजत है। एक ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल भी ले जाई जा सकती है। हालांकि, चॉकलेट, कैंडी, बिस्कुट और सैंडविच जैसे पैक्ड फूड आइटम डायबिटीज वाले कैंडिडेट्स के लिए भी अलाउड नहीं हैं। डायबिटीज वाले स्टूडेंट्स को एग्जाम शुरू होने पर इनविजिलेटर को भी बताना होगा।