JEE Advanced 2026: देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 के आंकड़े इस बार एक बड़ा बदलाव दिखा रहे हैं। आईआईटी रुड़की की संयुक्त कार्यान्वयन समिति (JIC) रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल महिलाओं की क्वालिफिकेशन रेट पिछले छह वर्षों में सबसे ज्यादा रही। वहीं एससी और एसटी कैटेगरी के उम्मीदवारों के क्वालिफाई करने की दर में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
इस साल जेईई एडवांस्ड के दोनों पेपर देने वाले 1,79,694 उम्मीदवारों में से 56,880 ने क्वालिफाई किया, जिनमें 10,107 महिला उम्मीदवार हैं। यानी कुल क्वालिफाइड उम्मीदवारों में करीब 18 फीसदी बेटियां हैं। खास बात यह है कि महिलाओं की क्वालिफिकेशन रेट 23.4 फीसदी रही, जो छह साल में सबसे ऊंची है।
जेईई एडवांस्ड 2026 में कुल 43,112 महिला उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 40,562 ने दोनों पेपर दिए और 10,107 लड़कियों ने परीक्षा क्वालिफाई की हैं। इस रिजल्ट में टॉप महिला उम्मीदवार ने 280 अंक हासिल कर CRL 77 रैंक प्राप्त की। उनके गणित में 101, फिजिक्स में 86 और केमिस्ट्री में 93 अंक रहे।
10 साल में बेटियों की भागीदारी कितनी बदली?
जेआईसी के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले एक दशक में जेईई एडवांस्ड में महिलाओं की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। 2016 में करीब 29,983 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 4,570 क्वालिफाई हुई थीं। 2026 में रजिस्ट्रेशन बढ़कर 43,112 और क्वालिफायर 10,107 हो गए। यानी एक दशक में महिला रजिस्ट्रेशन में करीब 44 फीसदी, जबकि महिला क्वालिफायर की संख्या में करीब 121 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
IITs में भी बढ़ी बेटियों की हिस्सेदारी
आईआईटी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 2018 में 800 सुपरन्यूमेरेरी सीटें बनाई गई थीं। इसके बाद आईआईटी में महिला विद्यार्थियों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ी है। 2026 में 3,814 फीमेल ऑनली सीट्स आवंटित हुईं। इसके अलावा 37 महिलाओं ने जेंडर नेचुरल पूल के जरिए भी जगह बनाई। कुल 18,861 सीटों में महिलाओं की हिस्सेदारी 20.22 फीसदी रही।
SC उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी शानदार
जेईई एडवांस्ड 2026 में सिर्फ महिलाओं के आंकड़े ही महत्वपूर्ण नहीं हैं बल्कि एससी उम्मीदवारों की क्वालिफिकेशन रेट में भी बड़ा उछाल आया है। 2025 में एससी उम्मीदवारों की क्वालिफिकेशन रेट 40.41 फीसदी थी, जो 2026 में बढ़कर 50.16 फीसदी हो गई। यानी इस साल करीब हर दो में से एक एससी उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड क्वालिफाई करने में सफल रहा। एससी क्वालिफायर्स की संख्या भी 2025 के 12,499 से बढ़कर 15,856 हो गई। यानी एक साल में 3,357 अधिक SC उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की।
SC और ST उम्मीदवारों के आंकड़े
| कैटेगरी | 2025 क्वालिफिकेशन रेट | 2026 क्वालिफिकेशन रेट | बदलाव |
|---|---|---|---|
| एससी | 40.41% | 50.16% | +9.8 प्रतिशत अंक |
| एसटी | 33.99% | 42.14% | +8.1 प्रतिशत अंक |
| जनरल | 43.0% | 39.8% | -3.2 प्रतिशत अंक |
| ओबीसी-एनसीएल | 18.2% | 17.5% | -0.7 प्रतिशत अंक |
| महिला | —- | 23.4% | 6 साल में सबसे ज्यादा |
यहां एक महत्वपूर्ण बदलाव यह भी है कि एससी और एसटी दोनों की क्वालिफिकेशन रेट इस साल जनरल कैटेगरी की दर से ऊपर रही है।
ST उम्मीदवारों की सफलता भी बढ़ी
एसटी कैटेगरी में भी इस साल सुधार देखने को मिला है, जिसके मुताबिक, 2025 में 33.99 फीसदी एसटी उम्मीदवार क्वालिफाई हुए थे, जबकि 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 42.14 फीसदी हो गया। एसटी क्वालिफायर्स की संख्या 5,008 से बढ़कर 6,379 हो गई। यानी इस कैटेगरी में भी एक साल में करीब 27 फीसदी की वृद्धि हुई है।
कितने उम्मीदवारों ने जेईई एडवांस्ड क्वालिफाई किया?
जेईई एडवांस्ड 2026 में कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवारों ने दोनों पेपर दिए और 56,880 उम्मीदवार क्वालिफाई हुए। पिछले साल 54,378 उम्मीदवार क्वालिफाई हुए थे, जिसके चलते इस साल क्वालिफाइड उम्मीदवारों की संख्या में करीब 4.6 फीसदी की वृद्धि हुई है। दोनों पेपर देने वालों में क्वालिफिकेशन रेट 2025 के 30.1 फीसदी से बढ़कर 31.7 फीसदी हो गई।
