भारत ने 19वें इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑन एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स (IOAA) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में भारत के पांच छात्र शामिल हुए थे और पांचों ने छात्रों ने पदक जीते हैं। इनमें चार छात्रों ने गोल्ड मेडल और एक छात्र ने सिल्वर मेडल जीता है। चार गोल्ड के साथ भारत मेडल तालिका में ईरान और दक्षिण कोरिया के बाद संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहा है।

भारत के इन छात्रों ने जीते मेडल

64 देशों के 307 छात्रों ने लिया हिस्सा

आईओएए 2026 में 64 देशों के कुल 307 छात्रों ने हिस्सा लिया था। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों और देशों की संख्या के लिहाज से यह अब तक का सबसे बड़ा आईओएए आयोजन रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर के छात्रों में एस्ट्रोनॉमी और स्टेम विषयों के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें भविष्य में खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिता में छात्रों की वैज्ञानिक समझ को परखने के लिए थ्योरी, ऑब्जर्वेशन और डेटा एनालिसिस जैसे हिस्से शामिल थे। 2026 की प्रतियोगिता में थ्योरी का योगदान 50 प्रतिशत, ऑब्जर्वेशन का 25 प्रतिशत और डेटा एनालिसिस का 25 प्रतिशत था।

भारतीय छात्रों के लिए क्यों खास है यह उपलब्धि?

इस बार की उपलब्धि केवल आईओएए तक सीमित नहीं है। 2026 में भारत के सभी पांच सीनियर-लेवल इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड-मैथेमेटिक्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और एस्ट्रोनॉमी में शामिल 24 भारतीय छात्रों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जीता है।

इन 24 छात्रों में 16 ने गोल्ड और 8 ने सिल्वर मेडल हासिल किया। यह पहली बार है जब 1989 में भारत की अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड भागीदारी शुरू होने के बाद एक ही वर्ष में सभी भारतीय छात्रों ने इन पांच सीनियर साइंस ओलंपियाड में कम से कम गोल्ड या सिल्वर मेडल जीता है।

IOAA क्या है?

खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड (IOAA) स्कूली छात्रों के लिए आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इसमें अलग-अलग देशों के प्रतिभाशाली छात्र एस्ट्रोनॉमी और एस्ट्रोफिजिक्स से जुड़े कठिन सवालों, अवलोकन और डेटा विश्लेषण के जरिए अपनी वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। आईओएए का उद्देश्य युवाओं में खगोल विज्ञान और संबंधित स्टेम विषयों के प्रति रुचि बढ़ाना और भविष्य में एस्ट्रोनॉमी तथा एस्ट्रोफिजिक्स के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को तैयार करना है।

भारत का IOAA में प्रदर्शन

हॉमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (HBCSE) भारत के छात्रों को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड के लिए प्रशिक्षण देता है। भारतीय टीम की इस उपलब्धि से देश की अंतरराष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड में मजबूत स्थिति एक बार फिर सामने आई है।

आंकड़ों के मुताबिक, एस्ट्रोनॉमी ओलंपियाड्स में भारत की भागीदारी शुरू होने के बाद अब तक करीब 49 प्रतिशत छात्रों ने गोल्ड, 35 प्रतिशत ने सिल्वर और 13 प्रतिशत ने ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। पिछले पांच वर्षों में भारतीय छात्रों ने गोल्ड या सिल्वर ही हासिल किया है।

भारतीय टीम के साथ कौन-कौन थे?

आईओएए 2026 में भारतीय टीम के साथ टीआईएफआर मुंबई की प्रोफेसर भास्वती मुखर्जी और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, बेंगलुरु के प्रोफेसर संवेड़ कोलेकर टीम लीडर के तौर पर शामिल थे। HBCSE-TIFR के प्रोफेसर अनिकेत सुले, जो IOAA के वर्तमान अध्यक्ष हैं, भी प्रतियोगिता से जुड़े रहे।