नीट यूजी री एग्जाम को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय युद्ध स्तर पर तैयारियों में लगे हैं। सरकार इस बार पेपर में किसी भी तरह की गड़बड़ी का जोखिम लेने के बिल्कुल मूड में नहीं है इसलिए सरकार ने पहले ही यह फैसला ले लिया था कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता रहेगी और इसलिए प्रश्न पत्रों को एग्जाम सेंटर तक पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली जाएगी। देश के कई हिस्सों में प्रश्नपत्र हेलिकॉप्टर के जरिए पहुंचाए जाएंगे ताकि पेपर लीक, छेड़छाड़ या परिवहन में किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके और इसके लिए वायुसेना Mi-17 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करेगी।

18 स्थानों पर हेलीकॉप्टर से जाएंगे क्वेश्चन पेपर

21 जून को देशभर में आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा के लिए एग्जाम सेंटर्स तक प्रश्न पत्र Mi-17 हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचाए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, शिक्षा मंत्रालय ने देशभर में 18 ऐसे स्थानों को सेलेक्ट किया है जहां नीट यूजी के प्रश्न पत्र हेलीकॉप्टर की मदद से पहुंचाए जाएंगे फिर वहां से उन पेपर्स को एग्जाम सेंटर तक पहुंचाया जाएगा। खबरें ऐसी भी हैं कि नीट का क्वेश्चन पेपर बनाने वाले एक्सपर्ट को किसी अनजान जगह पर रखा गया है और एग्जाम खत्म होने के बाद ही उन्हें वहां से निकाला जाएगा।

नीट यूजी री एग्जाम को लेकर मंथन, पार्लियामेंट्री पैनल के सामने पेश होंगे एनटीए, हेल्थ और शिक्षा विभाग के अधिकारी

भारतीय वायुसेना की रीढ़ है Mi-17 हेलीकॉप्टर

Mi-17 हेलीकॉप्टर को भारतीय वायुसेना की रीढ़ माना जाता है। यह हेलीकॉप्टर अपनी मजबूती, विश्वसनीयता और क्षमता के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। इस हेलीकॉप्टप का निर्माण रूस में किया जाता है। यह हेलीकॉप्टर भारतीय रक्षा बलों द्वारा उपयोग किए जाने वाले सबसे शक्तिशाली हेलिकॉप्टरों में से एक है। यह किसी भी मौसम और इलाके में उड़ान भरने के लिए सक्षम है। लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से युक्त इस हेलीकॉप्टर का प्रयोग पीएम से लेकर राष्ट्रपति तक की यात्राओं के लिए किया जाता है।

250 किमी की रफ्तार से भरता है उड़ान

यह हेलीकॉप्टर प्रति घंटे 250 किमी की अधिकतम गति और 230 किमी प्रति घंटे की क्रूज गति से उड़ान भर सकता है। जबकि इसके मुख्य ईंधन टैंक की सीमा 675 किमी है, दो सहायक ईंधन टैंक के साथ यह 1,180 किमी तक उड़ान भर सकता है। यह अधिकतम 4,000 किलोग्राम तक का भार ले जा सकता है।