देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल आईआईटी कानपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एक नया अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी (Bachelor of Cybersecurity – B Cyber) शुरू करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम जुलाई 2026 से शुरू होगा और इसे संस्थान के वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के तहत संचालित किया जाएगा।
सबसे खास बात यह है कि इस कोर्स में प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड स्कोर की आवश्यकता नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन जेईई मेन स्कोर और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में किए गए पूर्व कार्य के आधार पर किया जाएगा।
कैसे होगा एडमिशन?
आईआईटी कानपुर के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी, जिसमें उम्मीदवारों की प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग जेईई मेन स्कोर के आधार पर होगी। इसके बाद आवेदकों के साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में अनुभव, प्रोजेक्ट या कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को आईआईटी कानपुर कैंपस में आयोजित इन-पर्सन असेसमेंट में शामिल होना होगा। इसके अलावा इस मूल्यांकन प्रक्रिया में हैकाथॉन भी शामिल रहेगा।
चार साल का होगा B Cyber कार्यक्रम
यह नया कार्यक्रम कुल चार वर्षों का होगा और इसमें अकादमिक पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। पहले दो वर्षों में छात्रों को कैंपस में पढ़ाई कराई जाएगी, जहां उन्हें साइबर सिक्योरिटी के सिद्धांतों, तकनीकी अवधारणाओं और लैब आधारित प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। कोर्स का उद्देश्य छात्रों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं बल्कि नियंत्रित वातावरण में व्यावहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराना है।
अंतिम दो वर्षों में सरकारी सुरक्षा संगठनों के साथ इंटर्नशिप
कार्यक्रम के अंतिम दो वर्षों में छात्रों को सरकारी सुरक्षा संगठनों के साथ इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इस दौरान विद्यार्थी वास्तविक साइबर सुरक्षा परियोजनाओं और सुरक्षा चुनौतियों पर काम करेंगे। संस्थान का कहना है कि इस मॉडल से छात्रों को इंडस्ट्री और राष्ट्रीय सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।
क्यों शुरू किया गया नया कोर्स?
आईआईटी कानपुर के निदेशक मनीन्द्र अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में साइबर सिक्योरिटी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और राष्ट्रीय प्रणालियों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है।
वहीं, वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के डीन नितिन सक्सेना ने बताया कि यह कार्यक्रम अकादमिक शिक्षा और वास्तविक अनुभव को जोड़कर साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित पेशेवर तैयार करेगा।
जल्द लॉन्च होगी आधिकारिक वेबसाइट
आईआईटी कानपुर ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए एक समर्पित वेबपेज तैयार किया जा रहा है, जिसे अगले सप्ताह लॉन्च किया जाएगा। इसी पोर्टल पर पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।
