IIT कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने कहा है कि JEE एडवांस्ड फिलहाल जैसा है वैसा ही रहेगा, लेकिन आने वाले वर्षों में इसमें बदलाव हो सकता है। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि तुरंत तो नहीं, लेकिन हां, आने वाले कुछ वर्षों में ऐसा हो सकता है। मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह परीक्षा पूरी तरह से कोचिंग पर निर्भर हो गई है और इसमें बदलाव की जरूरत है। इसे कम करने के लिए बातचीत चल रही है।

मनिंद्र अग्रवाल ने बताया कि तीसरे प्रयास (थर्ड अटेम्प्ट) देने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इस पर चर्चा चल रही है। यह सबके लिए तीसरा प्रयास नहीं होगा, बल्कि शायद कुछ खास मामलों में ही ऐसा हो सकता है। लेकिन यह असल में कैसे संभव होगा, यह अभी तय नहीं है।” फिलहाल उम्मीदवारों को लगातार दो वर्षों में दो प्रयास मिलते हैं।

थर्ड अटेम्प्ट की हो रही मांग

हालांकि एक साल का ड्रॉप लेने वाले छात्रों (ड्रॉपर्स) के बीच तीसरे प्रयास की मांग बढ़ रही है। JEE की तैयारी कर रहे एक छात्र ने बताया कि छात्रों की एक याचिका पर 12,000 से ज्यादा हस्ताक्षर हुए हैं, जिसमें तीन प्रयास देने या लगातार तीन वर्षों के भीतर कम से कम दो प्रयास देने की मांग की गई है।

इस अभियान से जुड़े एक छात्र विवेक कुमार (बदला हुआ नाम) ने बताया, “हमारे समूह के ज्यादातर छात्र बहुत कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्हें JEE के बारे में पहले से ज्यादा जानकारी नहीं थी।” उन्होंने कहा कि कई अन्य छात्रों का एक प्रयास किसी दुर्घटना या गंभीर बीमारी की वजह से बर्बाद हो गया।

एक और छात्र अर्जुन (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसे 12वीं बोर्ड की परीक्षा के बाद एक दूर के रिश्तेदार से JEE के बारे में पता चला। JEE एडवांस्ड से कुछ दिन पहले वह बीमार पड़ गया था, फिर भी उसने परीक्षा दी। उसने कहा, “मैं तीसरे प्रयास की मांग इसलिए नहीं कर रहा कि मुझे कोई विशेष सुविधा चाहिए। मैं बस एक निष्पक्ष मौका चाहता हूं।”

मनिंद्र अग्रवाल ने इस दुविधा को समझा और इसे बहुत कठिन मामला बताया। उन्होंने कहा कि हालांकि ग्रामीण इलाकों के कुछ छात्रों को (जिन्हें 12वीं के बाद तक कोई कोचिंग नहीं मिली थी) इससे फायदा हो सकता है, लेकिन ऐसे कई और छात्र भी होंगे जो फिर से कोशिश करेंगे और असफल हो जाएंगे। उन्होंने कहा, “इससे उनका एक और साल बर्बाद होगा, वे और ज्यादा निराश होंगे और फिर भी कोचिंग लेंगे, जिससे उनके और पैसे खर्च होंगे। इसके कुछ फायदे भी हैं और कुछ नुकसान भी। आपको इन दोनों के बीच संतुलन बनाना होगा।”

JEE परीक्षा की जगह हैकाथॉन और अन्य तरीकों का इस्तेमाल होगा?

मनिंद्र अग्रवाल ने बताया कि पारंपरिक कोर्सेज में दाखिले के लिए JEE एडवांस्ड मुख्य जरिया बना रहेगा, लेकिन कुछ ऐसे हिस्से भी होंगे जहां हम अलग-अलग तरीकों से छात्रों को प्रवेश देंगे। इसका एक उदाहरण इस साल IIT मद्रास के साथ शुरू किया गया नया ‘बैचलर ऑफ साइबरसिक्योरिटी’ (B Cyber) कोर्स है, जिसमें दाखिले के लिए JEE एडवांस्ड की जरूरत नहीं थी। JEE मेन के स्कोर और साइबरसिक्योरिटी के क्षेत्र में किए गए काम के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए लगभग 120 उम्मीदवारों को कैंपस में आयोजित एक हैकाथॉन के लिए बुलाया गया था। इसके अलावा, IIT में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ओलंपियाड के जरिए भी छात्रों को प्रवेश देने का प्रावधान है।

IIT कानपुर का लक्ष्य क्या है?

संस्थान का लक्ष्य मार्च 2029 तक 1 बिलियन डॉलर जुटाना है। इस लक्ष्य का लगभग आधा हिस्सा (4,155 करोड़ रुपये) पूर्व छात्रों, दानदाताओं, कॉर्पोरेट साझेदारों और सरकार की ओर से पहले ही मिल चुका है। इस फंड का इस्तेमाल रिसर्च सुविधाओं को विकसित करने, चार नए हॉस्टल (रेजिडेंस हॉल) बनाने और ‘सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग’ (मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र) स्थापित करने के लिए किया जाएगा। मनिंद्र अग्रवाल ने बताया कि यह केंद्र सभी के लिए है।

मनिंद्र अग्रवाल ने कहा, “हम एक ऐसी खास जगह बनाना चाहते हैं जहां कोई भी आ सके और बैठ सके। यही हमारा मकसद है। अगर कोई मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो वहां जाकर उसे शांति महसूस होगी।” संस्थान में पहले से ही दस पूर्णकालिक काउंसलर (परामर्शदाता) मौजूद हैं, साथ ही अन्य विशेषज्ञ और पेशेवर भी हैं। इस केंद्र की गतिविधियां सभी के लिए खुली रहेंगी।”

यह भी पढ़ें: यूपी सैनिक स्कूल एडमिशन के रजिस्ट्रेशन शुरू, upsainikschool.org पर भरें कक्षा 6, 9 के फॉर्म, 25 अक्टूबर है लास्ट डेट

उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल सोसाइटी ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsainikschool.org के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन और फीस जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक है। इसके बाद 2,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ 31 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भरा जा सकेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…