IGNOU PhD Admission 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए 36 पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 जून 2026 से 1 जुलाई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने प्रवेश से संबंधित विस्तृत सूचना पुस्तिका भी जारी कर दी है।

इस वेबसाइट पर करें आवेदन

पीएचडी प्रवेश के लिए उम्मीदवार IGNOU के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

36 विषयों में मिलेगा पीएचडी करने का मौका

IGNOU जुलाई 2026 सत्र में विभिन्न विषयों में पीएचडी कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इनमें मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, जैव रसायन, रसायन विज्ञान समेत कई विषय शामिल हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?

पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी (पीएचडी डिग्री देने के लिए न्यूनतम मानक और प्रक्रिया) नियम, 2022 के तहत आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार निम्नलिखित चार श्रेणियों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जिसमें यूजीसी नेट विद जेआरएफ, यूजीसी नेट (असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी के लिए पात्र, यूजीसी नेट (केवल पीएचडी के लिए पात्र) और विश्वविद्यालय स्तरीय प्रवेश परीक्षा (यूनिवर्सिटी-लेवल एंट्रेंस टेस्ट) शामिल है।

इंटरव्यू देना होगा अनिवार्य

सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू/वाइवा-वोसे में शामिल होना होगा। हालांकि, जिन उम्मीदवारों ने जेआरएफ या नेट उत्तीर्ण किया है, उन्हें केवल इंटरव्यू में उपस्थित होना होगा और उन्हें प्रवेश परीक्षा नहीं देनी पड़ेगी।

फुल टाइम और पार्ट टाइम दोनों विकल्प

इग्नू उम्मीदवारों को फुल टाइम और पार्ट टाइम दोनों मोड में पीएचडी करने का अवसर प्रदान कर रहा है। हालांकि, प्रवेश लेने वाले सभी शोधार्थियों को नई दिल्ली स्थित IGNOU मुख्यालय में निर्धारित कोर्स वर्क पूरा करना होगा। इसके अलावा न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।

IGNOU PhD Admission 2026: आवेदन कैसे करें?

आवेदन करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें।

स्टेप 1. इग्नू के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाएं।

स्टेप 2. ‘New Registration’ विकल्प पर क्लिक करें और आवश्यक जानकारी दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करें।

स्टेप 3. लॉगिन कर आवेदन पत्र भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

स्टेप 4. आवेदन शुल्क 2,000 रुपये जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें।

आवेदन शुल्क

पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन के लिए सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को 2 हजार रुपये का आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

महत्वपूर्ण जानकारी

उम्मीदवार पात्रता मानदंड, विषयवार सीटों की संख्या, आरक्षण नियम, प्रवेश दिशानिर्देश और प्रवेश परीक्षा के सिलेबस से जुड़ी विस्तृत जानकारी IGNOU की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के रिसर्च यूनिट से संपर्क कर सकते हैं।