हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने गुरुवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स को एक फर्जी वायरल पोस्ट से सावधान रहने का आग्रह किया। दरअसल, पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 के लिए अप्लाई करने वाले उम्मीदवारों के बीच कई दिन से एक सोशल मीडिया पोस्ट काफी वायरल हो रही थी जिसमें इस भर्ती के PMT और PST टेस्ट की तारीख बताई गई थी। इसी जानकारी को लेकर आयोग के चेयरमैन ने एक स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने बताया है कि आयोग की ओर से अभी तक फिजिकल टेस्ट की तारीख को लेकर कोई ऐलान नहीं हुआ है।

वायरल पोस्ट पूरी तरह फेक- आयोग

आयोग के चेयरमैन के मुताबिक, फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सोशल मीडिया पर जो पोस्ट वायरल है वह पूरी तरह से फर्जी है। कमीशन ने कन्फर्म किया है कि यह नोटिस पूरी तरह से फेक है और इसे HSSC ने जारी नहीं किया है।

राजस्थान बजट में शिक्षा के क्षेत्र के लिए हुई यह बड़ी घोषणाएं, 10वीं-12वीं के छात्रों को मिलेंगे 20-20 हजार रुपये

क्या कहा है आयोग के चेयरमैन ने?

हिम्मत सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है, “आयोग जल्द ही जारी करेगा पीएमटी और पीएसटी की तारीख” सोशल मीडिया पर पुलिस कांस्टेबल भर्ती के पीएमटी और पीएसटी के तिथि को लेकर एक गलत नोटिस प्रसारित की जा रही है। ध्यान दें कि आयोग द्वारा आधिकारिक रूप से पीएमटी और पीएसटी को लेकर किसी भी तरह की कोई तिथि की घोषणा नहीं की गई है।”

क्या कहा गया है वायरल पोस्ट में?

बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कहा गया है कि हरियाणा पुलिस कांस्टेबल पुरुष कांस्टेबल (जीडी) पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट (पीएमटी) 28 मार्च को होगा जो कि पूरी तरह से गलत जानकारी है। आयोग फिजिकल टेस्ट को लेकर जल्द ही ऑफिशियल जानकारी साझा करेगा। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वह सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा ना करके आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in पर ही विश्वसनीय जानकारी प्राप्त करें।