हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं और 12वीं परीक्षा 2026 के रिजल्ट को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड ने कॉपियों के मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया तय कर दी है, जिसकी शुरुआत अप्रैल के पहले हफ्ते से होगी। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार के अनुसार, सेकेंडरी (10वीं) कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू होगा। यह प्रक्रिया 22 जिलों के 75 मूल्यांकन केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए करीब 6,969 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है और मूल्यांकन 24 अप्रैल तक चलेगा।
कब होगा कक्षा 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन
हरियाणा बोर्ड सीनियर सेकेंडरी (12वीं) कक्षाओं की कॉपियों की जांच 3 अप्रैल से शुरू होगी, जो 28 अप्रैल तक जारी रहेगी। इसके लिए 52 केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 5,009 परीक्षक इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। बोर्ड के अनुसार, 12वीं कक्षा का रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा। इसके बाद 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित होगा।
निष्पक्ष बनाई जाएगी मूल्यांकन प्रक्रिया
मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए बोर्ड ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है। पहले दिन प्रत्येक परीक्षक 15 कॉपियां जांचेगा, जबकि उसके बाद रोजाना 30 कॉपियां जांचनी होंगी। साथ ही, जांची गई 10% कॉपियों का रैंडम वेरिफिकेशन चीफ एग्जामिनर द्वारा किया जाएगा।
कब हुई थी हरियाणा बोर्ड परीक्षाएं
इस वर्ष हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं। 12वीं की परीक्षाएं 1 मार्च को समाप्त हो गई थीं, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च तक चलीं।
बोर्ड चेयरमैन ने क्या कहा
बोर्ड चेयरमैन ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप शिक्षा प्रणाली को आधुनिक और लचीला बनाने पर काम किया जा रहा है। इसके तहत तकनीकी और स्किल-बेस्ड एजुकेशन पर जोर दिया जाएगा।
जल्द लागू होगा ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम
हरियाणा बोर्ड ने 2026-27 सत्र से ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम लागू करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और रिजल्ट जल्दी जारी किए जा सकेंगे।
