हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 का आयोजन कल यानी 4 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की ओर से आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय परीक्षा का आयोजन 4 और 5 जुलाई को तीन अलग-अलग स्तरों के लिए किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने और सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
इस वर्ष HTET परीक्षा में कुल 2,33,294 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
HTET 2026 परीक्षा का शेड्यूल
हरियाणा टीईटी 2026 परीक्षा का आयोजन निम्नलिखित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा:
लेवल-3 (PGT): 4 जुलाई 2026, दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक
लेवल-2 (TGT): 5 जुलाई 2026, सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
लेवल-1 (PRT): 5 जुलाई 2026, दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक
PGT परीक्षा के लिए 73,091 अभ्यर्थियों हेतु 238 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं TGT परीक्षा में 1,19,141 उम्मीदवार 383 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। PRT परीक्षा के लिए 41,062 अभ्यर्थियों हेतु 139 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
HTET 2026: परीक्षा केंद्र पर कौन-कौन से दस्तावेज लेकर जाएं?
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों को निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए हैं:
HTET एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंटआउट
एडमिट कार्ड की सेंटर कॉपी और कैंडिडेट कॉपी दोनों
आवेदन के समय उपयोग किया गया मूल फोटो पहचान पत्र
एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा
यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी समस्या आती है, तो वह बोर्ड हेल्पलाइन नंबर 01664-254305 पर संपर्क कर सकता है।
HTET 2026 रिपोर्टिंग टाइम और एंट्री नियम
बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। इस दौरान निम्नलिखित प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी:
मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा जांच
बायोमेट्रिक सत्यापन
अंगूठे का निशान लेना
पहचान सत्यापन
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्र या विषय बदलने के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
HTET 2026 ड्रेस कोड और प्रतिबंधित सामान
अभ्यर्थियों को साधारण कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र आने की सलाह दी गई है। महिला उम्मीदवारों को मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर पहनने की अनुमति होगी। वहीं बपतिस्मा प्राप्त ईसाई और सिख उम्मीदवार निर्धारित धार्मिक प्रतीक अपने साथ ला सकेंगे।
परीक्षा केंद्र के अंदर ये सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है:
मोबाइल फोन
स्मार्ट वॉच या घड़ी
ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और पेजर
कैलकुलेटर
कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
हेल्थ बैंड
पर्स और वॉलेट
प्लास्टिक पाउच
खाली या लिखित कागज, नोट्स और चिट्स
लॉग टेबल
अंगूठी, चेन, ईयररिंग, पेंडेंट और अन्य धातु के आभूषण
HTET 2026 के लिए विशेष व्यवस्थाएं
हरियाणा सरकार ने इस बार HTET परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए बोर्ड मुख्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा जिला और मुख्यालय स्तर पर फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों की व्यवस्था की गई है और मेडिकल इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके अलावा, यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई होती है, तो वह 112 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा। परिवहन विभाग ने भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है, विशेषकर उन अभ्यर्थियों के लिए जिनके परीक्षा केंद्र उनके गृह जिले से बाहर आवंटित किए गए हैं।
