गर्मी का सितम देवभूमि उत्तराखंड में भी शुरू हो गया है। चिलचिलाती गर्मी के आगाज के बीच हरिद्वार जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत प्रदान की है। दरअसल, हरिद्वार के जिला प्रशासन ने अगले एक महीने के लिए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित के आदेश मुताबिक, प्री-प्राइमरी और उससे ऊपर के स्कूलों का टाइमटेबल बदला गया है। नया टाइमटेबल अगले एक महीने के लिए लागू रहेगा।

ये होगा नया टाइम टेबल

डीएम के आदेश के मुताबिक, 27 अप्रैल से 26 मई तक प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से लेकर 12:00 बजे तक चलेंगे। वहीं कक्षा 6वीं से लेकर कक्षा 12वीं तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से 12:30 तक चलेंगे। डीएम ने अपने आदेश में कहा है कि स्कूलों की बदली हुई टाइमिंग का सख्ती से पालन किया जाए।

डीएम के आदेश की अन्य खास बातें

साथ ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में नियमित अंतराल पर पानी पीने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त वेंटिलेशन और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि तेज धूप के दौरान खेल-कूद जैसी गतिविधियों से परहेज किया जाए और छुट्टी के बाद छात्रों को सुरक्षित रूप से घर भेजा जाए।

सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया है, ताकि गर्मी के प्रभाव से बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इससे पहले लखनऊ और पटना में भी बदला गया था समय

इससे पहले लखनऊ के डीएम ने 22 अप्रैल से जिले के सभी स्कूलों को सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित करने का ऑर्डर दिया है। इस आदेश के बाद लखनऊ में नर्सरी (प्री-प्राइमरी) से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों (सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट) में यही टाइमिंग लागू होगी। वहीं पटना में भी जिला प्रशासन की ओर से कक्षा 5 तक के सभी स्कूल (प्राइवेट और सरकारी, प्री-स्कूल/आंगनवाड़ी सहित) की गतिविधियां सुबह 11:30 बजे के बाद बंद रहेंगी। वहीं कक्षा 8 तक की कक्षाओं की पढ़ाई दोपहर 12:30 बजे के बाद नहीं होगी।