देश के अधिकतर राज्यों में बोर्ड एग्जाम की शुरुआत हो चुकी है और जहां अभी तक बोर्ड की परीक्षा शुरू नहीं हुई थीं वहां भी अब फरवरी का महीना खत्म होते-होते बोर्ड एग्जाम शुरू हो रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार (26 फरवरी 2026) से गुजरात में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही हैं। गुजरात सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन बोर्ड (GSHSEB) 2025–26 एकेडमिक सेशन के लिए SSC (क्लास 10) और HSC (क्लास 12) बोर्ड एग्जाम शुरू करेगा। 10वीं की परीक्षा 16 मार्च तक और 12वीं की परीक्षा 18 मार्च तक चलेंगी।
15 लाख से अधिक स्टूडेंट होंगे शामिल
इन बोर्ड एग्जाम में 15 लाख से अधिक कैंडिडेट के शामिल होने की उम्मीद है क्योंकि 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 15.27 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले करीब 97 हजार अधिक है। राज्यभर में 10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए 9,07,175 छात्रों ने जबकि 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए करीब 8 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
Holi 2026: 3 या 4 मार्च? दिल्ली-एनसीआर में कब बंद रहेंगे स्कूल; कन्फ्यूजन दूर कर लें पैरेंट्स
10वीं का लैंग्वेज और 12वीं का फिजिक्स का होगा पेपर
बोर्ड एग्जाम के पहले 10वीं कक्षा का फर्स्ट लैंग्वेज का पेपर होगा। इसमें स्टूडेंट गुजराती, हिंदी, मराठी, इंग्लिश, उर्दू, सिंधी, तमिल, तेलुगु और ओडिया भाषा का पेपर देंगे। पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगा। वहीं 12वीं के स्टूडेंट पहले दिन फिजिक्स (साइंस स्ट्रीम) और सहकार पंचायत (जनरल/कॉमर्स स्ट्रीम) जैसे कोर सब्जेक्ट की परीक्षा में शामिल होंगे।
कैंडिडेट्स के लिए बोर्ड की गाइडलाइन
बोर्ड एग्जाम के लिए सेंटर पर जाने से पहले स्टूडेंट बोर्ड के कुछ दिशानिर्देशों का जरूर ध्यान रखें।
कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वह एग्जाम सेंटर पर जाने से पहले अपना एडमिट कार्ड अपने साथ जरूर रख लें। प्रवेश पत्र के बिना सेंटर पर अनुमति नहीं मिलेगी।
एडमिट कार्ड के अलावा अपना स्कूल ID कार्ड भी ले जाना होगा। साथ में नीला या काला बॉलपॉइंट पेन लेकर जाना होगा।
इसके अलावा स्टूडेंट्स ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल, क्लियर/ट्रांसपेरेंट स्टेशनरी पाउच, बेसिक स्टेशनरी आइटम जैसे पेंसिल, इरेज़र और शार्पनर साथ में ले जा सकते हैं।
आखिर में समय का जरूर ध्यान रखें। स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वह परीक्षा शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले सेंटर पर पहुंच जाएं।
