गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को राज्य रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से एक बड़ी घोषणा की। सीएम ने कहा कि 10वीं कक्षा पास करने के बाद जो स्टूडेंट दो साल का ITI डिप्लोमा पूरा कर लेंगे उन्हें 12वीं बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद समकक्ष ही माना जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस घोषणा को करते हुए ये कहा कि इन सुधारों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आईटीआई विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा प्रणाली के विद्यार्थियों के समान शैक्षणिक मान्यता मिले और उनकी रोजगार क्षमता भी बढ़े।

ऐसे छात्रों को समकक्षता प्रमाणपत्र मिलेगा- प्रमोद सावंत

सावंत ने गोवा बोर्ड समकक्षता प्रमाणपत्र शुरू करने तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के बीच मजबूत तालमेल कायम करने समेत आईटीआई शिक्षा में बड़े सुधारों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विद्यार्थियों की संभावनाएं बेहतर होंगी। मुख्यमंत्री ने यहां विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि अब 10वीं के साथ दो वर्षीय आईटीआई पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण वालों के समकक्ष माना जाएगा तथा उन्हें गोवा बोर्ड समकक्षता प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने CBSE के OSM मार्किंग सिस्टम को लेकर मांगी स्टेटस रिपोर्ट, ‘हताश’ बच्चों को लेकर जाहिर की चिंता

‘विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना है उद्देश्य’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आईटीआई और महाविद्यालयों के बीच समन्वय भी स्थापित किया है, ताकि व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थी अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकें। सावंत ने कहा कि भारत को प्रतिभा और नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कौशल विकास एक महत्वपूर्ण आधार बन गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं में अधिक निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल और नवाचार के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना ”विकसित भारत” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आवश्यक है।

‘राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले शिक्षकों को बधाई’

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले गोवा के शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी बधाई दी। इनमें पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक और राष्ट्रीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले गोवा के खिलाड़ियों की भी सराहना की। अनुबंध शिक्षकों के मुद्दे पर सावंत ने आश्वासन दिया कि जिन शिक्षकों ने 10 वर्ष पूरे कर लिए हैं, उन्हें नियमितीकरण में प्राथमिकता दी जाएगी।

भाषा इनपुट के साथ