प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और उनके परिवारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी घोषणा की है। अब महंगी कोचिंग के खर्च की वजह से पढ़ाई में पीछे रहने वाले छात्रों को राहत देने की तैयारी है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से कहा कि सरकार युवाओं के लिए अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इसका मकसद परिवारों पर पड़ने वाले कोचिंग के आर्थिक बोझ को कम करना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए कोचिंग की फीस एक बड़ी चिंता बन गई है। कई माता-पिता को ऐसा लगता है कि अगर वे अपने बच्चे को कोचिंग नहीं भेज पाए तो वह पीछे रह जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की इसी परेशानी को समझती है और चाहती है कि बच्चे अपने परिवार के आसपास रहकर ही अच्छी तैयारी कर सकें।

मोदी ने बताया कि सरकार देश के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अच्छे शिक्षकों और देश की प्रतिभाओं को एक साथ जोड़कर मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का पूरा नेटवर्क तैयार करेगी। यानी छात्रों को महंगे कोचिंग संस्थानों पर निर्भर रहने के बजाय ऑनलाइन माध्यम से बेहतर पढ़ाई का अवसर देने की कोशिश होगी।

बच्चों को तकनीक से जोड़ने पर भी जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के बच्चों को छोटी उम्र से ही तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए 10,000 से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब शुरू की गई हैं। इन लैब के जरिए छोटे बच्चों को नई चीजें बनाने, प्रयोग करने और तकनीक को समझने का मौका दिया जा रहा है, ताकि वे आगे चलकर नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग

प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर भी बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि देश में इस समय ढाई लाख से ज्यादा पंजीकृत स्टार्टअप हैं और AI के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

मोदी ने लाल किले से घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI की ट्रेनिंग देने का काम किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि देश का युवा AI की दुनिया में केवल रोजगार तलाशने वाला न रहे, बल्कि इस क्षेत्र में नेतृत्व करने की क्षमता भी विकसित करे।

इस तरह सरकार का फोकस एक तरफ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का खर्च घटाने पर है, तो दूसरी तरफ युवाओं को नई तकनीक और AI के लिए तैयार करने पर भी है। (With PTI Input)

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया में करियर: तेजी से बढ़ रहे रोजगार के अवसर, जानें कौन-सी पढ़ाई और कौशल जरूरी

आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इसलिए इस क्षेत्र में प्रबंधन के लिए लोगों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, लिंक्डइन और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर जिस तेजी से उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में सोशल मीडिया प्रबंधकों की मांग भी बढ़ना स्वाभाविक है। आज बड़ी-बड़ी कंपनियों, मीडिया संस्थानों, सरकारी संगठनों, स्टार्टअप और व्यक्तिगत ब्रांडों को सोशल मीडिया विशेषज्ञों की आवश्यकता पड़ रही है। इसी वजह से इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक