फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) जून 2026 का रिजल्ट 07 जुलाई 2026 को जारी हो गया है। इस एग्जाम में जिन उम्मीदवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी वह नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। बता दें कि यह एग्जाम विदेश से MBBS की डिग्री प्राप्त करके भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए आयोजित किया जाता है।

सिर्फ 12.4 फीसदी उम्मीदवार हुए पास

FMGE जून 2026 सेशन की परीक्षा देशभर में 28 जून को आयोजित हुई थी। इस एग्जाम में 37,448 कैंडिडेट्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी जिसमें से सिर्फ 5086 कैंडिडेट्स ने ही इस परीक्षा को पास किया है। इस हिसाब से पास प्रतिशत 12.4 फीसदी रहा है। NBEMS ने अभी व्यक्तिगत स्कोरकार्ड जारी नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि व्यक्तिगत स्कोरकार्ड 16 जुलाई, 2026 को या उसके बाद जारी किए जा सकते हैं। उम्मीदवार NBEMS वेबसाइट से ही उसे डाउनलोड कर पाएंगे।

नीट यूजी एग्जाम में बहुत बड़ा बदलाव, 2027 से 5-6 दिन में होगी यह परीक्षा; एनटीए घटाएगा सेंटर्स की संख्या

पास पर्सेंटेज में गिरावट को लेकर स्टूडेंट बॉडीज में नाराजगी

इस एग्जाम का पास पर्सेंटेज पिछले 3-4 सालों की तुलना में औसतन करीब 50 फीसदी की गिरावट को दिखाता है। साल 2025 के मुकाबले यह करीब 24 फीसदी की गिरावट है। इस गिरावट को लेकर सोशल मीडिया पर स्टूडेंट रिप्रेजेंटेटिव बॉडीज ने कड़ी आलोचना की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए एक स्टेटमेंट में ऑल FMGs एसोसिएशन (AFA) ने NBEMS की आलोचना की कि उसने स्क्रीनिंग एग्जाम के डिफिकल्टी लेवल को बढ़ा दिया है।

AFA ने कहा है कि NBE ने परीक्षा का डिफिकल्टी लेवल काफी बढ़ा दिया है। न सिर्फ क्वेश्चन पेपर बहुत मुश्किल था, बल्कि परीक्षा सेंटर और ओवरऑल टेस्टिंग कंडीशन भी बहुत खराब थीं। यह फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMGs) के साथ नाइंसाफी है। इंडिया को और डॉक्टरों की जरूरत है, फिर भी FMGE क्लियर करने के बाद भी एडमिनिस्ट्रेटिव देरी के कारण FMGs को अपनी इंटर्नशिप शुरू करने के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है।