NEET Question leak vs Paper Leak Explained: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 विवादों का केंद्र बन चुकी है। कथित तौर पर पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने, सीबीआई जांच, कई राज्यों से गिरफ्तारियों और संसद की समिति में हुई पूछताछ के बाद यह मामला अब सिर्फ परीक्षा गड़बड़ी नहीं बल्कि देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता का सवाल बन गया है।

गुरुवार 21 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह और चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी संसद की समिति के सामने पेश हुए। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में एजेंसी ने दावा किया कि “पूरा पेपर लीक नहीं हुआ था”, बल्कि केवल कुछ सवाल बाहर आए थे।

एनटीए के इस दावे के बाद से ही बहस शुरू हो गई है कि आखिर पेपर लीक और प्रश्न लीक में क्या फर्क है और क्या कुछ सवाल बाहर आने से इतनी बड़ी परीक्षा की निष्पक्षता खत्म नहीं होगी।

क्या है पूरा विवाद?

नीट यूजी 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी और परीक्षा के तुरंत बाद सोशल मीडिया और कई राज्यों से शिकायतें आने लगीं कि प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले कुछ लोगों तक पहुंच चुका था। इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि 11 मई को परीक्षा रद्द करनी पड़ी और अब री-एग्जाम 21 जून को कराया जाएगा।

नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है, जिसमें एजेंसी ने अब तक राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई की जांच में कुछ प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से जांच की जा रही है, जिसमें

प्रश्नपत्र तक पहुंच कैसे बनाई गई?

क्या तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल हुआ?

क्या परीक्षा केंद्रों की मिलीभगत थी?

क्या संगठित नेटवर्क सक्रिय था?

संसद की समिति के सामने एनटीए का जवाब

गुरुवार 21 मई को एनटीए अधिकारी संसद समिति के सामने पेश हुए थे और सूत्रों के अनुसार, समिति ने एनटीए अधिकारियों से सीधा सवाल पूछा कि आखिर इस लीक के लिए जिम्मेदार कौन है?

समित के इस सवाल पर एनटीए प्रमुख ने कहा कि इसका स्पष्ट जवाब सीबीआई जांच पूरी होने के बाद ही दिया जा सकेगा। इस सवाल जवाब के दौरान एनटीए ने “पेपर लीक” शब्द से दूरी बनाने की कोशिश की थी।

एनटीए ने कहा कि, परीक्षा के दौरान कुछ सवाल बाहर आए थे लेकिन इसे पूरा पेपर लीक नहीं कहा जा सकता। एनटीए के इस दावे के मुताबिक, पूरा आधिकारिक प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले उपलब्ध नहीं हुआ था बल्कि कुछ प्रश्न ही बाहर आए थे।

पेपर लीक और प्रश्न लीक में क्या अंतर है?

किसी भी परीक्षा के शुरू होने से पहले ही जब उसका पूरा प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले बाहर आ जाए और छात्रों या गिरोह तक पहुंच जाए, तो इसे पेपर लीक कहा जाता है। दूसरी तरफ प्रश्न लीक पेपर लीक से अलग है इसमें पूरा प्रश्नपत्र नहीं बल्कि प्रश्नपत्र के कुछ चुनिंदा प्रश्न ली हो जाते हैं। हालांकि, दोनों ही तरह की गतिविधियां कानूनी रूप से गंभीर अपराध हैं।

क्या एनटीए के प्रश्न लीक के तर्क को सही माना जाए ?

नहीं, एनटीए द्वारा पेपर लीक के सवाल पर दिया या प्रश्न लीक का जवाब किसी भी तरीके से सही नहीं ठहराया जा सकता है क्योंकि राष्ट्रीय स्तर की नीट परीक्षा में एक-एक अंक भी बहुत महत्वपूर्ण होता है और प्रश्न लीक हो या पेपर लीक इससे परीक्षा की निष्पक्षता सीधे तौर पर प्रभावित होती है। यही वजह है कि सरकार ने परीक्षा रद्द करने जैसा बड़ा फैसला लिया।

NEET UG परीक्षा का पैटर्न क्या है?

नीट यूजी एग्जाम देशभर में एमबीबीएस, बीडीएस और मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है, जिसमें फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बायोलॉजी सेक्शन से कुल 200 प्रश्न लिए जाते हैं, जो कुल 720 अंकों के लिए होता हैं।

नीट यूजी मार्किंग स्कीम

पिछले साल नीट यूजी 2025 का रिजल्ट कैसा रहा

पिछले साल यानी 2025 में नीट यूजी परीक्षा 4 मई 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें राजस्थान के महेश कुमार ऑल इंडिया टॉपर बने थे। महेश ने 720 में से 686 अंक हासिल कर एआईआर रैंक 1 हासिल की थी। दूसरे स्थान पर मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया और तीसे स्थान पर महाराष्ट्र के क्रिषांग जोशी रही थीं।

NEET UG 2025 जनरल कटऑफ कितनी थी?

नीट यूजी 2025 में सामान्य वर्ग के लिए क्वालिफाइंग रेंज 686 से 144 अंक तक रही थी, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए यह क्वालिफाइंग रेंज लगभग 143 से 113 अंक तक रही थी। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि नीट परीक्षा में क्वालिफाइंग कटऑफ और कॉलेज एडमिशन कट ऑफ दोनों अलग होती है।

आसान शब्दों में समझें तो, कोई छात्र 144 अंक लाकर परीक्षा क्वालिफाई कर सकता है लेकिन सरकारी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए सामान्य वर्ग के छात्र को 620 से ज्यादा अंकों की जरूरत पड़ती है।

प्रश्न लीक होने से परीक्षा पर क्या होगा असर ?

पहली बात, अगर नीट या किसी भी परीक्षा के प्रश्न लीक होते हैं तो सबसे पहला असर उस परीक्षा की निष्पक्षता पर पड़ता है, जिसके बाद इस परीक्षा को आयोजित करना या इसके आधार पर उम्मीदवारों का चयन करना बेमानी हो जाता है।

दूसरी बात, मान लीजिए की नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल परीक्षा शुरू होने से पहले 10–20 प्रश्न भी लीक हो जाएं, तो उसका इस परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों छात्रों के करियर और जीवन को बड़े स्तर पर प्रभावित कर सकता है, फिर चाहें एक प्रश्न लीक हुआ हो या 20 प्रश्न

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाने वाली नीट यूजी परीक्षा में कुल 200 प्रश्न दिए जाते हैं, जिनमें छात्रों को 180 प्रश्न हल करने होते हैं और हर सही उत्तर पर +4 अंक और गलत पर -1 अंक मिलता है।

10–20 प्रश्न लीक होने का असर कितना बड़ा

इसमें हम सीधे तौर पर 40 से 80 अंकों का फायदा देखते हैं अगर लीक हुए 10 प्रश्न पहले से पता हों। यानी 10×4=40 अंक का संभावित फायदा यहां दिखाई देता है। दूसरी तरफ अगर मान लें की 20 प्रश्न लीक हुए हैं, तो यहां 80 अंकों का फायदा दिखाई देता है क्योंकि अगर किसी छात्र को 20 प्रश्न पहले से पता हों, तो 20×4=80 अंक का फायदा सीधे तौर पर होगा।

देखने में संख्या छोटी लग सकती है लेकिन नीट जैसी परीक्षा में 40–80 अंक का अंतर रैंक को हजारों से लेकर लाखों तक बदल सकता है।

कटऑफ और रैंक पर इसका प्रभाव

आसान शब्दों में समझें तो, मान लीजिए की दो छात्रों ने 610 अंक हासिल किए लेकिन दूसरे छात्र को 15 प्रश्न पहले से पता थे तो दूसरे छात्र को सीधे तौर पर 15×4=60 यानी 60 अंक का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। ऐसे में दूसरे छात्र का स्कोर 670 तक पहुंच सकता है, जिससे उसकी ऑल इंडिया रैंक काफी ऊपर चली जाएगी।

60 अंक रैंक में बढ़ जाने से पहले छात्र के मुकाबले दूसरे छात्र को सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलने की संभावना बढ़ जाएगी, जबकि अपनी ईमानदारी और मेहनत से 610 अंक हासिल करने वाला छात्र पिछड़ जाएगा। इसलिए नीट जैसी परीक्षा में 1 अंक का अंतर भी बहुत बड़ा प्रभाव डाल सकता है।

सीधे शब्दों में कहें तो, 1 अंक से सैकड़ों रैंक बदल जाती हैं और 10–15 अंक से राज्य कोटा बदल सकता है और ये अंतर 40–50 अंक से ज्यादा हो तो, सरकारी और प्राइवेट कॉलेज का फर्क पड़ सकता है। इसलिए “सिर्फ कुछ प्रश्न” लीक होना भी परीक्षा की निष्पक्षता को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।