दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अंडरग्रेजुएट (UG) परीक्षाओं का संशोधित और अंतिम परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया है। नए डेटशीट के अनुसार अब कुछ परीक्षाएं रविवार को भी आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय के इस फैसले के बाद छात्रों के बीच भ्रम और चर्चा का माहौल बना हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संशोधित शेड्यूल का उद्देश्य वरिष्ठ छात्रों यानी सेमेस्टर 6 और सेमेस्टर 8 के विद्यार्थियों की परीक्षाएं जल्दी समाप्त कराना है, ताकि वे अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं, इंटरव्यू और नौकरी के अवसरों में शामिल हो सकें।

पहली बार होंगे 8वें सेमेस्टर के एग्जाम

नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 के तहत लागू किए गए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के बाद यह पहली बार है जब दिल्ली यूनिवर्सिटी में आठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसी वजह से परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने में विश्वविद्यालय को अतिरिक्त बदलाव करने पड़े।

क्या बोले DU के परीक्षा नियंत्रक?

दिल्ली यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक गुरप्रीत सिंह तुतेजा ने बताया कि विश्वविद्यालय आमतौर पर परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप देने से पहले दो ड्राफ्ट तैयार करता है। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षाएं 16 मई से शुरू होकर 19 जून तक चलने वाली थीं, लेकिन अब नया शेड्यूल तैयार किया गया है। इसके तहत सेमेस्टर 6 और सेमेस्टर 8 की परीक्षाएं 16 मई से अगले 14 दिनों तक एक दिन छोड़कर आयोजित की जाएंगी। इसी कारण कुछ परीक्षाएं रविवार को भी रखी गई हैं।

जून 14 तक खत्म होंगी ईवन सेमेस्टर परीक्षाएं

विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, सेमेस्टर 2 और सेमेस्टर 4 की परीक्षाएं उसके बाद अगले 14 दिनों तक चलेंगी। सभी Even Semester परीक्षाएं 14 जून 2026 तक समाप्त हो जाएंगी।

बैकलॉग वाले छात्रों को भी मिलेगा फायदा

डीयू प्रशासन ने बताया कि नए शेड्यूल का फायदा उन छात्रों को भी मिलेगा जिनके सेमेस्टर 6 और 8 में बैकलॉग पेपर हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के जरिए ऐसे छात्रों को परीक्षा देने में आसानी होगी।

CBCS और LOCF छात्रों पर नहीं पड़ेगा असर

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल NEP 2020 के तहत पढ़ रहे छात्रों के लिए किया गया है। CBCS और LOCF सिस्टम के तहत परीक्षा देने वाले छात्रों की डेटशीट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

DU UG Exam Final Datesheet May June 2026 Direct Link