दिल्ली यूनिवर्सिटी ने स्नातक (UG) प्रवेश 2026 के लिए एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज (ECA) कोटा के तहत होने वाले फिजिकल ट्रायल का अस्थायी शेड्यूल और परीक्षा केंद्र जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, ईसीए ट्रायल 16 जुलाई 2026 से शुरू होंगे, जो कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तहत चल रहे एडमिशन का हिस्सा है।

विश्वविद्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को उनके ट्रायल स्लॉट की अलग से ईमेल या एसएमएस के माध्यम से सूचना नहीं भेजी जाएगी। उम्मीदवारों को नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ट्रायल शेड्यूल देखना होगा।

कब आएगा व्यक्तिगत ट्रायल स्लॉट

दिल्ली यूनिवर्सिटी के अनुसार, फिलहाल केवल कैटेगरी-वार ट्रायल डेट और वेन्यू जारी किए गए हैं। प्रत्येक उम्मीदवार की ट्रायल की तारीख और समय आवेदन सुधार विंडो बंद होने के बाद वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

दूसरे राज्यों से आने वाले उम्मीदवारों के लिए विशेष सलाह

विश्वविद्यालय ने दिल्ली के बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह दी है। उम्मीदवार अपनी ईसीए श्रेणी के लिए निर्धारित ट्रायल अवधि के किसी भी दिन के अनुसार यात्रा टिकट बुक कर सकते हैं।

साथ ही, ट्रायल सेंटर के आसपास ठहरने की व्यवस्था पहले से करने की भी सलाह दी गई है। यदि किसी उम्मीदवार की निर्धारित ट्रायल तिथि पहले से बुक यात्रा कार्यक्रम से टकराती है, तो वह विश्वविद्यालय को लिखित अनुरोध भेज सकता है। उपलब्धता के आधार पर ट्रायल तिथि बदली जा सकती है।

DU ECA Trial Schedule 2026

DU ECA Trial Venue List 2026

विश्वविद्यालय के अनुसार अधिकांश ECA ट्रायल लगभग एक सप्ताह तक चलेंगे, जबकि योग ट्रायल दो दिनों में पूरे किए जाएंगे।

NCC और NSS उम्मीदवारों को नहीं देना होगा फिजिकल ट्रायल

दिल्ली यूनिवर्सिटी के अनुसार, एनसीसी और एनएसएस श्रेणी के अंतर्गत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का फिजिकल ट्रायल नहीं देना होगा। इन उम्मीदवारों का मूल्यांकन निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

कब जारी होंगे ECA मार्क्स?

विश्वविद्यालय के अनुसार, ईसीए मूल्यांकन के अंक 25 या 26 जुलाई 2026 के आसपास एडमिशन पोर्टल पर अपलोड किए जा सकते हैं, जिसके बाद उम्मीदवारों को 2 से 3 दिन का ग्रिवांस (आपत्ति) दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा।

28 जुलाई से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने जानकारी दी है कि ECA ट्रायल और एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 28 जुलाई 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जाएगी।