DU Placement Drive: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के ‘डिपार्टमेंट ऑफ कंटीन्यूइंग एजुकेशन एंड एक्सटेंशन’ द्वारा शनिवार को एक भव्य प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में 75 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें 500 से अधिक छात्रों को सीधे रोजगार पाने और कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करने का अवसर मिला।

इस ‘प्लेसमेंट ड्राइव 2026’ का आयोजन ‘सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन’ के सहयोग से किया गया था। यह आयोजन डीयू सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक विभाग के सेमिनार हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों का खासा उत्साह देखने को मिला।

किन छात्रों को मिला इस प्लेसमेंट ड्राइव का फायदा?

यह प्लेसमेंट ड्राइव विशेष रूप से एमए टूरिज्म मैनेजमेंट और एमए लाइफलॉन्ग लर्निंग एंड एक्सटेंशन के छात्रों के लिए आयोजित की गई थी। इसके अलावा सामाजिक विज्ञान विभागों के अभ्यर्थियों और सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के छात्रों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिए करियर गाइडेंस सेशन और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के साथ नेटवर्किंग के विशेष सत्र भी आयोजित किए गए।

सोशल सेक्टर से लेकर टूरिज्म तक: कई बड़ी संस्थाएं हुईं शामिल

इस प्लेसमेंट ड्राइव में शिक्षा, सामाजिक विकास, स्वास्थ्य, रिसर्च, मानवाधिकार, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी संस्थाओं ने शिरकत की। इन कंपनियों ने छात्रों की योग्यता और प्रतिभा के आधार पर उन्हें विभिन्न पदों के अवसर दिए।

सामाजिक और शोध क्षेत्र से जनहित सोसाइटी फॉर सोशल वेलफेयर, अभिव्यक्ति फाउंडेशन, सरस्वती एजुकेशनल सोसाइटी, चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया, बाल विकास धारा, समन्वित शिक्षा संस्थान, आकांक्षी समिति, इंडियन सोसाइटी फॉर एप्लाइड रिसर्च, EFRAH, समर्थ, मित्र ट्रस्ट, आधार (ADHAR) और MRYDO जैसी नामचीन संस्थाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी मिले शानदार मौके

टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए भी यह आयोजन काफी फायदेमंद साबित हुआ। इस सेक्टर का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘उमा टूरिज्म एंड हॉलिडेज’ और ‘ट्रिपस्ट्राइड टूरिज्म प्राइवेट लिमिटेड’ जैसी कंपनियों ने छात्रों को ट्रैवल एवं टूरिज्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के बेहतरीन अवसर प्रदान किए।

कुलपति के संरक्षण में आयोजन

इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. योगेश सिंह के संरक्षण में हुआ। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की डायरेक्टर पायल मागो और कंटीन्यूइंग एजुकेशन विभाग के अध्यक्ष कुमार आशुतोष इस आयोजन के संरक्षक रहे, जबकि सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के डायरेक्टर अजय जायसवाल सह-संरक्षक के रूप में शामिल रहे।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि छात्रों को भविष्य में भी बेहतर करियर के अवसर और रोजगार के मंच प्रदान करने के लिए इस तरह की रोजगार-उन्मुख पहल नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी।

यह भी पढ़ें: ग्रेजुएट पास के लिए SBI ने 1500 से अधिक पदों पर निकाली वैकेंसी, जानें कैसे करना है आवेदन और क्या है योग्यताएं

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने बैकलॉग वैकेंसी के लिए एक विशेष भर्ती अभियान के तहत 1538 जूनियर एसोसिएट (कस्टमर सपोर्ट और सेल्स) पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। योग्य उम्मीदवार आवेदन शुरू होने के बाद आवेदन कर सकते हैं। पढ़िए पूरी खबर…