अगर आपने 10वीं पास कर ली है और फिल्म मेकिंग, वीडियो या डिजिटल कंटेंट बनाने में रुचि है, तो दिल्ली यूनिवर्सिटी आपके लिए एक नया और बड़ा मौका लेकर आई है। यूनिवर्सिटी के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) ने एआई फिल्म मेकिंग में सर्टिफिकेट कोर्स (Certificate Course in AI Film Making) शुरू किया है। इस कोर्स की सबसे खास बात यही है कि इसके लिए किसी डिग्री या 12वीं पास होने की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास उम्मीदवार भी इसमें दाखिला ले सकते हैं।

3 महीने में सीखेंगे AI से फिल्म बनाने का तरीका

दिल्ली यूनिवर्सिटी का यह कोर्स 3 महीने का है और ऑफलाइन मोड में कराया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक कोर्स में कुल 30 सीटें हैं। इसमें छात्रों को फिल्म बनाने के अलग-अलग चरणों में AI टूल्स के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। यानी सिर्फ AI के बारे में थ्योरी नहीं पढ़ाई जाएगी, बल्कि प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियों के जरिए फिल्म कंटेंट तैयार करने का अभ्यास भी कराया जाएगा।

DU AI Film Making Course की प्रमुख जानकारी

कोर्स की शुरुआत की तारीख आधिकारिक पेज पर नवंबर 2026 के पहले सप्ताह के लिए संभावित बताई गई है।

क्या-क्या सिखाया जाएगा?

कोर्स का पाठ्यक्रम फिल्म मेकिंग के कई चरणों को कवर करता है। इसमें एआई की मदद से किसी आइडिया को फिल्म की कहानी में बदलने से लेकर विजुअल और ऑडियो तैयार करने तक की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

छात्रों को मुख्य रूप से जो स्किल सिखाई जाएंगी, वो इस प्रकार हैं।

फिल्म के लिए आइडिया और कॉन्सेप्ट विकसित करना

स्टोरी डेवलपमेंट और कहानी लिखना

स्टोरीबोर्ड तैयार करना

AI की मदद से विजुअल बनाना

प्रॉम्प्ट लेखन

टेक्स्ट टू इमेज तकनीक

एआई-जनरेटेड विजुअल एसेट्स तैयार करना

वीडियो एडिटिंग

ऑडियो प्रोडक्शन

बैकग्राउंड म्यूजिक और स्कोरिंग

एआई-असिस्टेड फिल्म कंटेंट तैयार करना

यूनिवर्सिटी के अनुसार कोर्स में कॉन्सेप्चुअल लर्निंग के साथ हैंड्स-ऑन एक्टिविटी और प्रोजेक्ट आधारित अभ्यास भी कराया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस कोर्स की सबसे खास बात इसकी न्यूनतम योग्यता है, जिसके अनुसार, किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकता है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास बेसिक कंप्यूटर लिटरेसी होनी चाहिए। यूनिवर्सिटी ने कुछ अन्य अनुभवों को भी उपयोगी बताया है, लेकिन उन्हें अनिवार्य योग्यता नहीं बनाया गया है।

इन चीजों की जानकारी होने पर उम्मीदवार को होगा फायदा

मोबाइल या कंप्यूटर पर वीडियो बनाना, बेसिक फोटो एडिटिंग, बेसिक वीडियो एडिटिंग, इंस्टाग्राम/फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट बनाना, सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करना और फोन या कंप्यूटर पर टाइपिंग जानने वाले छात्रों को इसमें फायदा हो सकता है।

कोर्स की फीस कितनी है ?

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने इस तीन महीने के कोर्स की फीस 15,000 निर्धारित की है। आधिकारिक कोर्स पेज के मुताबिक फीस जमा करने के बाद उसका रिफंड नहीं किया जाएगा और इस कोर्स के लिए कुल 30 सीटें निर्धारित हैं, जो पहले आओ पहले पाओ के आधार पर भरी जाएंगी। इसलिए फिल्म मेकिंग और AI में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते रजिस्ट्रेशन करना बेहतर रहेगा।

31 अक्टूबर तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

दिल्ली यूनिवर्सिटी के एआई फिल्म मेकिंग सर्टिफिकेट कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है। उम्मीदवार 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन कैसे करें ?

स्टेप 1. दिल्ली यूनिवर्सिटी के Campus of Open Learning के स्किल कोर्स पोर्टल पर जाएं।

स्टेप 2. Certificate Course in AI Film Making को चुनें।

स्टेप 3. Apply/Register Now पर क्लिक करें।

स्टेप 4. ईमेल और पासवर्ड के जरिए रजिस्ट्रेशन/लॉगिन करें।

स्टेप 5. आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें।

स्टेप 6. जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

स्टेप 7. 15,000 फीस का भुगतान करें।

स्टेप 8. आवेदन फॉर्म सबमिट करके भविष्य के लिए इसकी कॉपी सुरक्षित रखें।

किन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है यह कोर्स?

एआई फिल्म मेकिंग सर्टिफिकेट कोर्स उन युवाओं के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकता है जो पारंपरिक डिग्री कोर्स के बजाय कम अवधि में कोई क्रिएटिव और टेक्नोलॉजी आधारित स्किल सीखना चाहते हैं।