देशभर में इस वक्त बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट जारी किए जा रहे हैं। बिहार और राजस्थान में सभी कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए जा चुके हैं। सीबीएसई बोर्ड का रिजल्ट आना अभी बाकी है। बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट के बीच देशभर में स्टूडेंट्स को दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन प्रोसेस के शुरू होने का भी इंतजार है। डीयू में अंडरग्रेजुएट कोर्सेस में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर अभी कोई ऑफिशियल डेट्स रिलीज नहीं की गई हैं, लेकिन डीयू के अधिकारियों ने यह संकेत दिए हैं कि इस साल एडमिशन प्रोसेस मई के तीसरे सप्ताह में शुरू किया जा सकता है।
CUET के शेड्यूल पर निर्भर करेगा डीयू एडमिशन प्रोसेस
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में एडमिशन मई के तीसरे हफ्ते से शुरू हो सकते हैं। हालांकि यह पूरी तरह से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (UG) 2026 की एग्जाम डेट्स और रिजल्ट पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी अपना एडमिशन प्रोसेस कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल के जरिए करती है जो कई फेज में होगा। पहला फेज रजिस्ट्रेशन का ही होगा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के एडमिशन डीन हनीत गांधी ने बताया कि डीयू में रजिस्ट्रेशन प्रोसेस CUET एग्जाम शुरू होने के बाद ही शुरू होगा, इसलिए उम्मीद है कि हम मई के तीसरे हफ्ते के आसपास रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल खोल देंगे। हालांकि डिटेल्स अभी कन्फर्म किए जा रहे हैं, हमारा मेन फोकस पिछले साल की तरह समय पर एडमिशन प्रोसेस पूरा करने पर होगा ताकि क्लास जल्द से जल्द शुरू हो सकें।”
बता दें कि अभी सीयूईटी एग्जाम 2026 की ऑफिशियल डेट्स रिलीज नहीं हुई हैं, लेकिन संभावना है कि यह एग्जाम 11 से 31 मई के बीच में आयोजित किया जाएगा। बता दें कि पिछले कुछ सालों में यूनिवर्सिटी के टीचरों ने DU के CUET स्कोर-बेस्ड एडमिशन सिस्टम पर शिफ्ट होने के बाद एडमिशन प्रोसेस में देरी पर बड़ी चिंता जताई है। प्रोफेसरों के मुताबिक, इससे एकेडमिक साइकिल में काफी रुकावट आई है।
उन्होंने कहा, “हम प्रोसेस में स्टूडेंट्स को गाइड करने में मदद के लिए और प्रॉम्प्ट जोड़ेंगे, ताकि कम गलतियां हों।” एडमिशन के डीन ने स्टूडेंट्स से आगे कहा कि वे क्लास 12 में पढ़े गए सब्जेक्ट्स के आधार पर अपने CUET पेपर सब्जेक्ट चुनें क्योंकि सब्जेक्ट मैपिंग के लिए दोनों सब्जेक्ट्स में कम से कम 50 परसेंट समानता होनी चाहिए, जो CSAS पोर्टल के ज़रिए DU एडमिशन में एक जरूरी कदम है।
