कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 की सेकंड शिफ्ट में होने वाली परीक्षा में देरी की जानकारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से दी गई है। एनटीए की ओर से कहा गया है कि 30 मई 2026 को होने वाली परीक्षा में कुछ तकनीकी खामियां सामने आई हैं जिसकी वजह से दोपहर की शिफ्ट में होने वाली परीक्षा को 1 घंटे लेट किया गया है। एनटीए ने बताया है कि तकनीकी गड़बड़ी की समस्या कुछ सेंटर्स पर सामने आई है जहां छात्रों को सूचित कर दिया गया है कि जो एग्जाम 3 बजे शुरू होना था वह अब 4 बजे शुरू होगा।

तकनीकी गड़बड़ी को सही कर लिया गया- NTA

एनटीए ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए भी यह बताया है कि दोपहर की शिफ्ट में आने वाले स्टूडेंट्स के लिए एग्जाम का टाइम बदल दिया गया है। अब स्टूडेंट्स का सेंटर पर जाने का समय 2:30 बजे है जबकि पेपर 4 बजे शुरू होगा। एनटीए ने बताया है कि TCS की ओर से बताई गई एक टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से सीयूईटी एग्जाम शुरू होने में देरी हुई। हालांकि अब यह दिक्कत ठीक कर ली गई है और कैंडिडेट्स को पूरा समय दिया जाएगा ताकि स्टूडेंट्स का नुकसान न हो।

हरियाणा टीईटी परीक्षा 2026 स्थगित, HBSE ने नई डेट्स का भी किया ऐलान; जानें कब होगा एग्जाम

मॉर्निंग शिफ्ट में भी एग्जाम में हुई है देरी

कांग्रेस पार्टी के ट्विटर हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो में दिखाया गया है कि एक एग्जाम सेंटर के बाहर स्टूडेंट्स 11:30 बजे तक मॉर्निंग शिफ्ट के पेपर के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि पेपर सुबह 9:30 बजे शुरू होना था। इस तकनीकी खामी की वजह से न सिर्फ मॉर्निंग शिफ्ट की परीक्षा स्थगित हुई है जबकि दोपहर की शिफ्ट का पेपर भी 1 घंटा लेट हो गया है।

28 मई की परीक्षा स्थगित हुई थी

NTA ने अपने ट्वीट में कहा है कि मॉर्निंग शिफ्ट में जहां भी परीक्षा देरी से शुरू हुई है वहां स्टूडेंट्स को एग्जाम का पूरा समय दिया गया है ताकि उन्हें पेपर पूरा करने का मौका मिले। बता दें कि NTA ने CUET UG 2026 एग्जाम शेड्यूल में बदलाव किया था, क्योंकि 28 मई को देश में ईद की वजह से पब्लिक हॉलिडे घोषित था।

सीयूईटी यूजी परीक्षा लेट होने के बाद पॉलिटिकल रिएक्शन

सीयूईटी यूजी परीक्षा लेट होने के बाद तमाम विपक्षी पार्टियों और नेताओं ने एनटीए और सरकार पर कड़ा प्रहार करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ” चार बड़ी परीक्षाएं और 1 करोड़ बच्चे, एक भी पेपर ईमानदारी से नहीं हो पाया। दावे “विश्वगुरु” के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते – मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं – वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।”

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने ट्वीट कर कहा है कि आज CUET में ‘टेक्निकल दिक्कत’ की वजह से देरी हुई है। आज भारत के सभी हिस्सों में लाखों स्टूडेंट्स को एग्जाम देना था और घंटों इंतजार करने के बाद सभी सेंटर्स के बाहर ऐसे नोटिस लगा दिए गए हैं।