केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने 1 अप्रैल 2026 से सीटीईटी परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट के लिए रिक्वेस्ट विंडो ओपन कर दी है। सीटीईटी फरवरी 2026 सेशन की परीक्षा में जो कैंडिडेट शामिल हुए थे वह अपनी OMR और कैलकुलेशन शीट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को ऑफलाइन मोड में अप्लाई करना होगा और अपनी रिक्वेस्ट के लिए आवेदन शुल्क भी देना होगा।
1 मई तक करें आवेदन
सीबीएसई ने 1 अप्रैल 2026, बुधवार को इससे जुड़ी अधिसूचना जारी की। उम्मीदवार निर्धारित शुल्क जमा कर अपनी ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट प्राप्त कर सकते हैं। कैंडिडेट इसके लिए 1 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में तैयार कर नीचे दिए गए पते पर भेजना होगा। कैंडिडेट ध्यान रखें कि आवेदन स्पीड पोस्ट और व्यक्तिगत रूप से ही स्वीकार किए जाएंगे।
CTET Unit,
CBSE Integrated Office Complex,
Sector-23, Phase-1, Dwarka, New Delhi – 110077
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
सीबीएसई ने आधिकारिक नोटिस में कहा है, “जो उम्मीदवार OMR शीट की कॉपी के साथ अपनी कैलकुलेशन शीट भी प्राप्त करना चाहते हैं उन्हें 500 रुपए के निर्धारित शुल्क के साथ इसके लिए अपना अनुरोध भेजना होगा।” कैंडिडेट्स को अपनी एप्लीकेशन फीस CBSE के सेक्रेटरी के नाम पर दिल्ली में पेयेबल बैंक ड्राफ्ट से देनी होगी। एप्लिकेंट्स को एप्लीकेशन में अपना रोल नंबर, नाम और पता साफ-साफ लिखना होगा। रोल नंबर और नाम बैंक ड्राफ्ट के पीछे भी लिखा होना चाहिए।
इस साल 25 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
बता दें कि इस साल सीटीईटी परीक्षा फरवरी 2026 में 25 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। बोर्ड ने 30 मार्च को ही इस परीक्षा का परिणाम जारी किया है। इस परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवारों को बोर्ड की ओर से एक आजीवन मान्य रहने वाला सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा जिसके आधार पर उम्मीदवार केंद्रीय सरकारी स्कूलों में और राज्य के सरकारी स्कूलों में नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
