केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) फरवरी 2026 सेशन की प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12 मार्च को प्रोविजनल आंसर की जारी की थी। उसी दिन से ऑब्जेक्शन विंडो भी खुल गई थी। सीटीईटी 2026 की ऑब्जेक्शन विंडो 12 से 15 मार्च के लिए खोली गई थी। बोर्ड ने उस दिन आंसर की के साथ-साथ ओएमआर रिस्पॉन्स शीट भी जारी की थी। जिन इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों ने अभी तक आंसर की पर आपत्ति दर्ज नहीं कराई है वह आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

1000 रुपए है आपत्ति शुल्क

सीटीईटी 2026 की प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवारों को 1000 रुपए का नॉन-रिफंडेबल शुल्क देना होगा। यह शुल्क प्रति प्रश्न का होगा। यह भुगतान क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। उम्मीदवारों की आपत्ति को अगर समीक्षा के दौरान सही पाया जाता है तो उनका शुल्क वापस कर दिया जाएगा। कैंडिडेट्स को शुल्क के साथ-साथ अपने दावे के समर्थन में एक सपोर्टिव डॉक्युमेंट भी अपलोड करना होगा। इन आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर की जारी होगी और उसी के आधार पर रिजल्ट भी तैयार होगा।

JEE Main 2026: जेईई मेन सेशन 2 की एग्जाम सिटी स्लिप जल्द होगी जारी, यहां चेक करें संभावित डेट; 2 अप्रैल से शुरू होगी परीक्षा

अप्रैल फर्स्ट वीक में आ सकता है रिजल्ट

सीटीईटी 2026 की ऑब्जेक्शन विंडो बंद हो जाने के बाद रिजल्ट की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। देशभर में 7-8 फरवरी और 1 मार्च 2026 को आयोजित हुई सीटीईटी परीक्षा में जो कैंडिडेट उपस्थित हुए थे वह इन दिनों रिजल्ट का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सीटीईटी परिणाम जारी किए जाने को लेकर बोर्ड ने अभी कोई ऑफिशियल डेट तो नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि जो प्रक्रिया बची है उसे देखते हुए अप्रैल के पहले सप्ताह तक यह परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

सीटीईटी मार्किंग स्कीम और पासिंग मार्क्स

सीटीईटी परीक्षा में उपस्थित रहे कैंडिडेट वैसे तो प्रोविजनल आंसर की के आधार पर अपने रिजल्ट का अनुमान लगा सकते हैं, लेकिन सटीक रिजल्ट के लिए उन्हें फाइनल आंसर की का इंतजार रहेगा, क्योंकि प्रोविजनल आंसर की के आधार पर जो आपत्तियां दर्ज कराई जाएंगी अगर वह वेरिफिकेशन में सही पाई जाती हैं तो फाइनल आंसर की से उन प्रश्नों को हटा दिया जाएगा और उन हटाए गए प्रश्नों के मार्क्स कैंडिडेट्स को मिलेंगे।

सीटेट परीक्षा में कुल 150 सवाल होते हैं, जिनमें से हर सवाल 1 नंबर का होता है। इस परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है। सामान्य वर्ग के लिए पासिंग मार्क्स 60% (90 अंक) और आरक्षित वर्गों के लिए 55% (82.5 अंक) निर्धारित किया गया है।