उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने छात्राओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। दरअसल, सीएम योगी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में कुल 16 प्रस्तावों को मंजूरी मिली जिसमें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना भी शामिल है जिसे कैबिनेट की ओर से हरी झंडी मिल गई है। इस योजना को मंजूरी मिल जाने के बाद अब 2025-26 सत्र में सभी कॉलेजों की टॉप 5 छात्राओं को पेट्रोल वाली स्कूटी फ्री में दी जाएगी। इस योजना में दिव्यांग और शहीद की बेटी और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता मिलेगी।
अगस्त में शुरू हो सकती है योजना
यूपी सरकार की कैबिनेट मीटिंग में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई जिसमें से रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना का प्रस्ताव भी एक है। इस बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। योगी सरकार जल्द ही कॉलेज की मेधावी छात्राओं को फ्री स्कूटी वितरित करेगी। सरकार ने पिछले बजट में ही 400 करोड़ रुपए का आवंटन इस योजना के लिए कर दिया था। माना जा रहा है कि स्कूटी वितरण का कार्यक्रम अगले महीने यानी अगस्त से ही शुरू किया जा सकता है।
स्कूटी के साथ पेट्रोल भी मिलेगा
योजना के मुताबिक, कॉलेज की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को (जिनके परिवारों की सालाना आमदनी 12 लाख रुपए से कम है) उन्हें फ्री स्कूटी और साथ में 5 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। इसके अलावा स्कूटी के साथ में एक फ्री हेलमेट भी मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से जरूरतमंद तथा मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। स्कूटी वितरण के चलते मेधावी छात्राओं को कभी ट्रांसपोर्ट की समस्या नहीं आएगी। उनके लिए कॉलेज आना-जाना काफी आसान हो जाएगा।
पारदर्शी तरीके से होगा चयन
सरकार ने प्रदेश की छात्राओं को ये भरोसा दिलाया है कि इस योजना के लिए मेधावी छात्राओं का चयन पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि लाभार्थियों के चयन में किसी तरह की कोई धांधली नहीं होगी। इस योजना का जो उद्देश्य है उसे पूरा किया जाएगा और लाभार्थियों का चयन पात्रता होने पर ही होगा। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत स्कूटी का वितरण GeM पोर्टल के माध्यम से होगा। योजना के लाभार्थियों के चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जल्द साझा की जाएगी। इनके अलावा बैठक में महिलाओ के लिए छात्रावास, इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार और दो नए एक्सप्रेसवे को लेकर भी अहम फैसले लिए गए हैं।
