मध्य प्रदेश में राज्य प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। एमपीपीएससी की परीक्षा अब साल में दो बार आयोजित करने की व्यवस्था शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव 2026 (CM Youth Conclave 2026) में युवाओं से संवाद के दौरान यह घोषणा की।
अभी तक एमपीपीएससी की परीक्षा का आयोजन सामान्य तौर पर साल में एक बार किया जा रहा था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उम्मीदवारों को एक साल में दो बार परीक्षा प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। इस व्यवस्था को लागू करने के पीछे सरकार का तर्क है कि, इससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए सरकारी सेवा में आने के अधिक मौके मिलेंगे।
विस्तृत शेड्यूल जारी होना बाकी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद भी परीक्षा की दोनों चरणों की सटीक तारीख, आवेदन विंडो, पदों की संख्या और विस्तृत कैलेंडर की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार है। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वह केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।
क्यों अहम है साल में दो बार परीक्षा का फैसला?
एमपीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में उम्मीदवारों को लंबे समय तक एक ही परीक्षा चक्र का इंतजार करना पड़ता है। किसी कारण से परीक्षा में अपेक्षित प्रदर्शन न होने पर अगले अवसर के लिए फिर करीब एक साल का इंतजार करना पड़ सकता है। साल में दो परीक्षा होने से यह अंतर कम हो सकता है।
क्या 2027 में दो अलग-अलग भर्ती परीक्षाएं होंगी?
सरकार ने 2027 से एमपीपीएससी परीक्षा को साल में दो बार कराने की घोषणा की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि, दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग भर्ती विज्ञापन और पदों की संख्या किस तरह तय की जाएगी।
MPPSC Aspirants को अब तैयारी कैसे करनी चाहिए?
साल में दो परीक्षा होने की घोषणा के बाद तैयारी करने वाले छात्रों के लिए सबसे जरूरी चीज सिलेबस और बेसिक तैयारी को लगातार मजबूत रखना होगी। पहले जहां उम्मीदवार एक बड़े वार्षिक परीक्षा चक्र को ध्यान में रखकर तैयारी करते थे, वहीं नई व्यवस्था में पूरे साल पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखना ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है।
सरकारी कॉलेजों में मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग
एमपीपीएससी के अलावा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी राज्य सरकार ने घोषणा की है कि सरकारी कॉलेजों के जरिए फ्री प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि इसके लिए कौन-कौन सी परीक्षाएं कवर होंगी, कक्षाएं कब शुरू होंगी, आवेदन कैसे होगा और पात्रता क्या होगी, इन सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी अभी जारी नहीं हुई है।
रिसर्च स्कॉलर्स के लिए भी बड़ा ऐलान
सीएम यूथ कॉन्क्लेव 2026 में उच्च शिक्षा और रिसर्च से जुड़े छात्रों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने रिसर्च स्कॉलर्स की मासिक स्कॉलरशिप को 16,000 से बढ़ाकर 25,000 करने की बात कही है। इसके अलावा सरकारी कॉलेजों में AI और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब स्थापित करने की योजना भी बताई गई है।
नए मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी का ऐलान
युवाओं के लिए घोषित योजनाओं में उच्च शिक्षा और मेडिकल एजुकेशन का विस्तार भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने राज्य में 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना की जानकारी दी है। नई यूनिवर्सिटी में रोजगार और स्किल आधारित पाठ्यक्रमों पर फोकस करने की बात कही गई है।
