कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLU) ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 की एग्जाम डेट जारी कर दी है। NLU की ओर से 22 जुलाई 2026, बुधवार को जारी किए गए एक शॉर्ट नोटिफिकेशन में परीक्षा की तारीख और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के शुरू होने की तारीख की घोषणा कर दी। यह शॉर्ट नोटिफिकेशन आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जारी किया गया है।

कब होगी क्लैट परीक्षा?

इस अधिसूचना के मुताबिक, क्लैट 2027 की परीक्षा 06 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सिंगल शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक आयोजित होगी। CLAT 2027 के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रोसेस 3 अगस्त, 2026 से शुरू होगा और 31 अक्टूबर, 2026 तक खुला रहेगा। इसी के साथ यह भी कन्फर्म कर दिया गया है कि इस साल के एग्जाम के सिलेबस या एग्जाम पैटर्न में कोई बदलाव नहीं होगा।

Explained: ओलंपियाड क्या है? जानें इतिहास, पात्रता, विषय, परीक्षा प्रक्रिया, तैयारी और फायदे की पूरी जानकारी

एक्सपर्ट कमिटी की रिपोर्ट के बाद जारी हुई एग्जाम डेट

यह शॉर्ट नोटिफिकेशन CLAT एक्सपर्ट कमिटी रिपोर्ट 2026 के बारे में 18 जुलाई, 2026 को हुई NLUs के कंसोर्टियम की गवर्निंग बॉडी की सालाना मीटिंग में अपनाए गए प्रस्तावों के बाद आया है। गवर्निंग बॉडी ने फैसला किया है कि CLAT 2027 के लिए अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) क्वेश्चन पेपर के सिलेबस या पैटर्न/सेक्शन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

31 अगस्त तक फीडबैक फॉर्म भरने का मिलेगा मौका

कंसोर्टियम एक्सपर्ट्स, स्टूडेंट्स और आम जनता से फीडबैक और सुझाव लेने के लिए CLAT एक्सपर्ट कमिटी की रिपोर्ट अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर पब्लिश करेगा। स्टेकहोल्डर्स 31 अगस्त, 2026 तक कंसोर्टियम की वेबसाइट पर मौजूद ऑनलाइन फॉर्म के जरिए अपना फीडबैक दे सकते हैं।

नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि 17 मई, 2026 को भोपाल में नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में NLUs के कंसोर्टियम के प्रेसिडेंट द्वारा बुलाई गई एक मीटिंग के दौरान यह तय किया गया कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया का ऑफिस एक्सपर्ट कमिटी की रिपोर्ट के सुझावों की आगे जांच करने के लिए एक कमिटी बनाएगा।

NLUs के कंसोर्टियम की गवर्निंग बॉडी प्रस्तावित कमिटी के साथ कोऑर्डिनेट करेगी और CLAT 2028 की तैयारी करते समय एक्सपर्ट कमिटी के सुझावों और पब्लिक फीडबैक दोनों पर विचार करेगी।