काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने गुरुवार को आईएससी कक्षा 12 और आईसीएसई कक्षा 10 परीक्षा 2025-26 के परिणाम घोषित कर दिए। इस बार लुधियाना जिले में 12वीं कक्षा में माछीवाड़ा की गुरलीन कौर बाथ ने 99.5% अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि 10वीं में सत पॉल मित्तल स्कूल की नाम्या कपूर ने 99.6% अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

गुरलीन कौर बाथ ने मेडिकल स्ट्रीम में रचा इतिहास

लुधियाना के माछीवाड़ा स्थित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा गुरलीन कौर बाथ ने मेडिकल स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.5% अंक प्राप्त किए। उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में पूरे 100 अंक हासिल किए, जबकि इंग्लिश में 98 अंक मिले।

गुरलीन के पिता लखविंदर सिंह बाथ कमीशन एजेंट हैं और माता गुरमीत कौर गृहिणी हैं। गुरलीन ने बताया कि उन्होंने केवल फिजिक्स की ट्यूशन ली थी, बाकी सभी विषयों की तैयारी सेल्फ स्टडी से की।

उन्होंने कहा, “मैंने ज्यादा किताबों के बजाय बेसिक्स को समझने पर ध्यान दिया। कठिन टॉपिक्स को आसान तरीके से समझने के लिए यूट्यूब वीडियो की मदद ली।” अब वह NEET परीक्षा की तैयारी के लिए एक साल का ब्रेक लेंगी और डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना चाहती हैं।

नॉन-मेडिकल और कॉमर्स में भी शानदार प्रदर्शन

सत पॉल मित्तल स्कूल, दुगरी के छात्र रायंश गुप्ता ने नॉन-मेडिकल स्ट्रीम में 99.25% अंक हासिल किए। उन्होंने केमिस्ट्री और कंप्यूटर साइंस में पूरे अंक प्राप्त किए। रायंश ने बताया कि उन्होंने कोई ट्यूशन नहीं ली और पूरी तैयारी सेल्फ स्टडी तथा स्कूल टीचर्स के मार्गदर्शन से की। अब वह अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं।

कियान बेरी ने कॉमर्स स्ट्रीम में 99.25% से चमकाया नाम

सत पॉल मित्तल स्कूल के ही कियान बेरी ने कॉमर्स स्ट्रीम में 99.25% अंक हासिल किए। अकाउंटेंसी में उन्हें पूरे 100 अंक मिले। कियान ने कहा कि उन्होंने मैथ्स और अकाउंटेंसी की ट्यूशन ली, लेकिन बाकी विषयों के लिए सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया। वह भविष्य में फाइनेंस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।

ह्यूमैनिटीज में भुजस्वी घई ने 99% अंक प्राप्त किए

सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर 39 की छात्रा भुजस्वी घई ने ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में 99% अंक हासिल किए। उन्होंने सोशियोलॉजी में 100, पॉलिटिकल साइंस और फिजिकल एजुकेशन में 99, इंग्लिश में 98 अंक प्राप्त किए। भुजस्वी ने बताया कि उनकी मां एक टीचर हैं और उन्होंने पूरे समय उनकी पढ़ाई में मार्गदर्शन किया। अब वह लॉ में ग्रेजुएशन करना चाहती हैं।

10वीं में नाम्या कपूर बनीं जिला टॉपर

सत पॉल मित्तल स्कूल की छात्रा नाम्या कपूर ने ICSE Class 10 में 99.6% अंक हासिल कर जिला टॉप किया। उन्होंने मैथ्स और इंग्लिश में 99, सोशल स्टडीज में 98 और पंजाबी, आर्ट व कॉमर्स में 100 अंक प्राप्त किए।

नाम्या ने बताया कि उन्होंने मैथ्स और इंग्लिश की ट्यूशन ली थी, जबकि बाकी विषयों की तैयारी खुद की। उन्होंने परीक्षा के दौरान इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट कर दिया था, लेकिन दोस्तों से मिलना-जुलना जारी रखा। अब उन्होंने 11वीं में कॉमर्स स्ट्रीम चुनी है और भविष्य में इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।

जालंधर में तनया गुप्ता ने किया जिला टॉप

जालंधर में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा तनया गुप्ता ने 99% अंक हासिल कर जिला टॉप किया। उन्होंने सोशल साइंस और कंप्यूटर साइंस समेत तीन विषयों में पूरे अंक प्राप्त किए। तनया ने कहा कि फरवरी और मार्च में उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। उनका सपना NEET में उच्च रैंक लाकर AIIMS Delhi में MBBS करना है। इसके बाद वह UPSC परीक्षा पास कर देश सेवा करना चाहती हैं।

तान्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूथ स्पीकर चैलेंज 2025 में भारत और एशिया का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और क्वीन्स कॉमनवेल्थ निबंध प्रतियोगिता 2025 में गोल्ड फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं।