ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल है। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत से तनाव और अधिक बढ़ गया है। इस बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य-पूर्व के देशों में 2 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। सीबीएसई की अधिसूचना के मुताबिक, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE में 2 मार्च को होने वाली 10वीं-12वीं की परीक्षा को टाल दिया गया है। नई तारीख जल्द जारी की जाएगी।
नई तारीख जल्द होंगी जारी
सीबीएसई ने जारी ऑफिशियल नोटिस में कहा है, “मध्य-पूर्व देशों (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई) में स्थित सीबीएसई से संबद्ध रखने वाले स्कूलों में कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना दी गई है।” इस नोटिफिकेशन के मुताबिक, “02 मार्च 2026 को होने वाली दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
3 मार्च को होगी स्थिति की समीक्षा
CBSE की अधिसूचना के मुताबिक, 2 मार्च को निर्धारित पेपर को स्थगित किया गया है। एग्जाम की नई डेट बाद में घोषित की जाएंगी। साथ ही बोर्ड 03 मार्च 2026 (मंगलवार) को स्थिति की समीक्षा करेगा और 05 मार्च 2026 से निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में आगे का निर्णय लेगा। सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक घोषणाओं पर ध्यान दें।
परीक्षा रद्द करने की खबर को बोर्ड ने बताया झूठा
सीबीएसई बोर्ड ने इससे पहले एक फेक सर्कुलर को लेकर भी अलर्ट जारी किया था। बोर्ड ने बताया था कि सोशल मीडिया पर एक खबर झूठी फैलाई जा रही है जिसमें कहा जा रहा था कि मिडिल ईस्ट देशों में बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। बोर्ड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि परीक्षाओं के रद्द होने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और सभी परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
