देशभर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। इसी बीच छात्रों और अभिभावकों के मन में परीक्षा के मूल्यांकन और नियमों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इन सवालों के जवाब देते हुए सीबीएसई के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन संयम भारद्वाज ने परीक्षा के नियमों और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मैथ्स और साइंस जैसे विषयों में स्टेप मार्किंग दी जाएगी, जबकि हैंडराइटिंग के लिए अतिरिक्त अंक नहीं मिलते।
मैथ्स और साइंस में मिलेगा स्टेप मार्किंग का फायदा
CBSE के अनुसार गणित और विज्ञान विषयों में स्टेप मार्किंग लागू है। यदि छात्र ने सवाल हल करने की सही विधि अपनाई है लेकिन अंतिम उत्तर पूरी तरह सही नहीं है, तो भी परीक्षक सही स्टेप्स के लिए अंक देंगे। इससे छात्रों को उनके सही तरीके और समझ का लाभ मिलता है।
क्या अच्छी हैंडराइटिंग से मिलते हैं एक्स्ट्रा मार्क्स?
CBSE ने स्पष्ट किया है कि साफ-सुथरी लिखावट के लिए अलग से अंक नहीं दिए जाते। हालांकि, अगर उत्तर साफ और व्यवस्थित तरीके से लिखा गया हो, तो परीक्षक को उसे समझने में आसानी होती है और गलतफहमी की संभावना कम रहती है। अंक हमेशा उत्तर की सही सामग्री के आधार पर ही दिए जाते हैं।
बोर्ड परीक्षा में कौन सा पेन इस्तेमाल करें?
CBSE ने छात्रों को परीक्षा के दौरान पेन के इस्तेमाल को लेकर भी सलाह दी है कि, उत्तर लिखने के लिए नीले रंग का बॉल पेन इस्तेमाल करें और गलती होने पर उत्तर को एक लाइन से काटें। उत्तर काटने के लिए व्हाइटनर या करेक्शन फ्लूड का इस्तेमाल न करें।
बोर्ड का कहना है कि ऐसी स्याही इस्तेमाल करनी चाहिए जो लंबे समय तक फीकी न पड़े और किसी भी तरह से कॉपी की पहचान उजागर न करे। अगर किसी तरह की पहचान जानबूझकर की जाती है तो इसे अनुचित साधन (Unfair Means) माना जा सकता है।
कॉम्पिटेंसी-बेस्ड प्रश्नों पर क्या है सीबीएसई का फोकस
सीबीएसई ने बताया कि नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 (NEP 2020) के तहत बोर्ड परीक्षाओं में धीरे-धीरे कॉम्पिटेंसी-बेस्ड प्रश्न शामिल किए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों से कक्षा 10 और 12 की परीक्षा में लगभग 50% प्रश्न कॉम्पिटेंसी-बेस्ड हैं।
इन प्रश्नों का उद्देश्य छात्रों की अवधारणाओं की समझ और वास्तविक जीवन में ज्ञान का उपयोग को परखना है, न कि केवल रटने की क्षमता को बढ़ाना है।
छात्रों की तैयारी के लिए CBSE क्या मदद दे रहा है
CBSE ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की मदद के लिए कई संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसमें सैंपल प्रश्नपत्र, मार्किंग स्कीम, प्रैक्टिस प्रश्न और ऑनलाइन ट्रेनिंग मॉड्यूल के अलावा शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम और वेबिनार शामिल हैं। ये सभी सामग्री सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहती हैं ताकि छात्र परीक्षा पैटर्न के अनुसार तैयारी कर सकें।
Jansatta Education Expert Conclusion
सीबीएसई ने साफ किया है कि बोर्ड परीक्षाओं में सही तरीका, स्पष्ट उत्तर और अवधारणाओं की समझ सबसे महत्वपूर्ण है। छात्रों को साफ-सुथरे तरीके से उत्तर लिखना चाहिए, लेकिन अंक हमेशा सही उत्तर और सही प्रक्रिया के आधार पर ही दिए जाएंगे।
