मिडिल ईस्ट देशों में चल रहे संघर्ष को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार (5 मार्च 2026) को एक बड़ा फैसला लेते हुए कक्षा 10वीं की सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। बोर्ड ने एक नोटिफिकेशन जारी कर मध्य पूर्व के देशों में (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)) संचालित अपने स्कूलों में कक्षा 10वीं की सभी परीक्षाएं रद्द कर दी। साथ ही बोर्ड ने 7 मार्च को होने वाली 12वीं की परीक्षा को स्थगित किया है।

स्थगित की गई परीक्षाएं भी स्थगित

बोर्ड ने अपने नोटिफिकेशन में कहा है कि खाड़ी देशों में चल रहे संघर्ष के बीच कक्षा 10वीं की 7 मार्च से लेकर 11 मार्च 2026 के बीच निर्धारित सभी परीक्षाओं को रद्द किया जा रहा है। साथ ही 2, 5 और 6 मार्च को प्रस्तावित जिन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था उन्हें भी अब रद्द माना जाएगा। इन परीक्षाओं की नई तारीख को लेकर जल्द फैसला होगा और संबंधित स्कूलों को बता दिया जाएगा।

12वीं की एक और पेपर स्थगित

बोर्ड ने इस सर्कुलर में कक्षा 12वीं को लेकर भी एक अहम जानकारी स्टूडेंट्स के लिए साझा की है। बोर्ड ने कहा है कि आगामी 7 मार्च (शनिवार) को होने वाली 12वीं की परीक्षा को फिलहाल स्थगित किया गया है। नई डेट को लेकर फैसला बाद में लिया जाएगा। साथ ही 9 मार्च की परीक्षा को लेकर फैसला 7 मार्च की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। बोर्ड ने कक्षा 12वीं के छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें।

मिडिल ईस्ट के देशों में हालात बद्तर

मध्य पूर्व में इस वक्त जो हालात बने हुए उन्हें देखते हुए यह संभावना पहले ही लग रही थी कि बोर्ड सभी परीक्षाओं को रद्द कर देगा। ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति बन चुकी है। ईरान ने भी पलटवार करते हुए खाड़ी देशों में मिसाइल अटैक करना शुरू कर दिया है। संघर्ष की यह स्थिति ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद बनी है।