सीबीएसई कक्षा 10 सामाजिक विज्ञान की बोर्ड परीक्षा 7 मार्च 2026 को आयोजित की गई। परीक्षा में इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान (सिविक्स) और अर्थशास्त्र के चारों सेक्शन शामिल थे। शिक्षकों के अनुसार प्रश्नपत्र संतुलित, सिलेबस आधारित और आसान से मध्यम कठिनाई स्तर का रहा।
आसान से मध्यम स्तर का रहा पेपर
सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल की सोशल साइंस विभागाध्यक्ष चिंका कपूर के अनुसार प्रश्नपत्र अच्छी तरह संरचित और संतुलित था। सभी तीन सेट का पैटर्न और कठिनाई स्तर लगभग समान था। अधिकांश प्रश्न सीधे सिलेबस से पूछे गए थे, जबकि कुछ प्रश्नों में छात्रों की समझ और विश्लेषण क्षमता को परखा गया।
NCERT से तैयारी करने वालों के लिए रहा आसान
बेंगलुरु के जैन इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल के शिक्षकों के मुताबिक प्रश्नपत्र का कठिनाई स्तर आसान से मध्यम था। जिन छात्रों ने NCERT किताबों से अच्छी तैयारी की थी, उनके लिए पेपर हल करना आसान रहा। प्रश्नपत्र में कॉन्सेप्ट आधारित और सीधे सवालों का मिश्रण था, जबकि कुछ प्रश्नों में भाषा थोड़ी घुमावदार थी जिससे छात्रों की विश्लेषण क्षमता का परीक्षण हुआ।
सभी चार सेक्शन से संतुलित प्रश्न
लखनऊ के सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के शिक्षक गौरव सिंह के अनुसार प्रश्नपत्र ने निर्धारित सिलेबस और परीक्षा पैटर्न का पूरी तरह पालन किया, जिसमें ऑब्जेक्टिव सेक्शन में सीधे और कॉन्सेप्ट आधारित प्रश्न थे, जिन्हें शॉर्ट और लॉन्ग आंसर प्रश्नों में स्पष्ट अवधारणा की जरूरत थी। केस स्टडी प्रश्नों ने छात्रों की विश्लेषणात्मक क्षमता को परखा है।
इतिहास और भूगोल से मैप आधारित प्रश्न भी शामिल थे, जिसे ज्यादातर छात्रों ने तय समय में पेपर पूरा कर लिया, हालांकि कुछ प्रश्नों को ध्यान से पढ़ने की आवश्यकता थी।
कुछ लंबी उत्तर वाले प्रश्न रहे चुनौतीपूर्ण
लैंसर्स आर्मी स्कूल की विषय विशेषज्ञ विनीता साह के अनुसार प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम से थोड़ा कठिन भी महसूस हुआ। उनके अनुसार, ऑब्जेक्टिव और छोटे उत्तर वाले प्रश्न आसान थे, लेकिन लंबी उत्तर वाली प्रश्नों में विश्लेषणात्मक सोच की जरूरत पड़ी, जिससे कुछ छात्रों के लिए समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा।
इकॉनॉमिक्स सेक्शन रहा स्कोरिंग
गुरुग्राम के केआईआईटी वर्ल्ड स्कूल की शिक्षिका प्रियंका स्वामी के अनुसार परीक्षा का पैटर्न सीबीएसई के आधिकारिक सैंपल पेपर जैसा ही था, जिससे छात्रों को पेपर परिचित लगा।
प्रियंका स्वामी के अनुसार, अर्थशास्त्र का सेक्शन स्कोरिंग रहा तो राजनीति विज्ञान में तुलना आधारित प्रश्न आए और भूगोल में ज्यादातर कॉन्सेप्ट आधारित प्रश्न थे। कुल मिलाकर प्रश्नपत्र संतुलित और निष्पक्ष रहा और अच्छी तैयारी करने वाले छात्र अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।
Jansatta Education Expert Conclusion
CBSE कक्षा 10 सामाजिक विज्ञान बोर्ड परीक्षा 2026 का प्रश्नपत्र संतुलित और छात्र-हितैषी रहा। अधिकांश प्रश्न NCERT आधारित थे और कॉन्सेप्ट की समझ पर जोर दिया गया। जिन छात्रों ने नियमित अभ्यास और सैंपल पेपर से तैयारी की थी, उनके लिए अच्छे अंक हासिल करना संभव है।
