केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में इस बार दूसरी परीक्षा का विकल्प पहली बार दिया गया है। बोर्ड के पहले चरण की परीक्षा में शामिल हुए छात्रों में से करीब 6.69 लाख छात्रों यानी लगभग 27 प्रतिशत ने मई में होने वाली दूसरी परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यह पहली बार है जब सीबीएसई छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका देने के लिए दूसरी परीक्षा आयोजित कर रहा है। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत लागू की गई है, जिसका उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के दबाव को कम करना है।
5.26 लाख छात्र सिर्फ सुधार परीक्षा के लिए शामिल
रजिस्ट्रेशन कराने वाले 6.69 लाख छात्रों में से 5.26 लाख छात्रों ने केवल अपने अंकों में सुधार के लिए आवेदन किया है और 85,285 छात्रों ने ‘कंपार्टमेंट’ श्रेणी में रजिस्ट्रेशन कराया है क्योंकि वे 1 या 2 विषयों में पास नहीं हो सके इसके अलावा 57,914 छात्रों ने इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट दोनों श्रेणियों में आवेदन किया है। ऐसे छात्र जिनके कुछ विषयों में कंपार्टमेंट आई है, वे उन्हीं विषयों के साथ-साथ पास किए गए विषयों में भी बेहतर अंक के लिए दोबारा परीक्षा दे सकेंगे।
अधिकतम 3 विषयों में सुधार का मौका
इस बार छात्रों को साइंस, सोशल साइंस, मैथ्स और भाषाओं में अधिकतम 3 विषयों तक सुधार परीक्षा देने का विकल्प दिया गया, जिसमें आवेदन करने वाले छात्रों का आंकड़ा इस प्रकार है।
1 विषय लिए 1.93 लाख छात्रों ने आवेदन किया है।
2 विषय के लिए 2.79 लाख छात्रों ने आवेदन किया है।
3 विषयों के लिए 1.97 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
साइंस विषय में सबसे ज्यादा आवेदन
दूसरी परीक्षा के लिए सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन साइंस विषय में हुए हैं और विषयवार रजिस्ट्रेशन इस प्रकार हैं।
साइंस – 4.74 लाख
मैथ्स (स्टैंडर्ड) – 3.69 लाख
मैथ्स (बेसिक) – 1.79 लाख
सोशल साइंस – 1.55 लाख
इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर – 98,536
CBSE कक्षा 10 में मैथ्स दो स्तरों स्टैंडर्ड और बेसिक में उपलब्ध होता है। दोनों का सिलेबस समान होता है, लेकिन बेसिक मैथ्स का पेपर अपेक्षाकृत आसान होता है।
24.72 लाख छात्रों ने दी थी पहली परीक्षा
मुख्य परीक्षा फरवरी और मार्च 2026 में आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 24.72 लाख छात्र शामिल हुए थे। इनमें 13.85 लाख लड़के और 10.87 लाख लड़कियां थीं। CBSE ने इस वर्ष 93.7 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया था। रिजल्ट 15 अप्रैल को घोषित किए गए थे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग एक महीने पहले जारी हुए।
15 से 21 मई तक होंगी दूसरी परीक्षाएं
CBSE की दूसरी परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार, यह परीक्षा मुख्य परीक्षा की तुलना में कम परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
दूसरी परीक्षा का रिजल्ट जून 2026 में जारी होने की संभावना है। जिन छात्रों ने Improvement परीक्षा के लिए आवेदन किया है, उनके लिए दोनों परीक्षाओं में से बेहतर अंक को अंतिम माना जाएगा।
NEP 2020 के तहत बड़ा बदलाव
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं को कम तनावपूर्ण बनाने के लिए छात्रों को एक शैक्षणिक वर्ष में दो बार परीक्षा देने का अवसर दिया जाना चाहिए—एक मुख्य परीक्षा और दूसरी सुधार परीक्षा। इसी व्यवस्था के तहत CBSE ने इस वर्ष 10वीं की परीक्षाएं 23 दिनों में पूरी कराईं, जबकि 2025 में यही परीक्षा 34 दिनों तक चली थी।
