केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 समाप्त हुए 50 दिन हो गए हैं लेकिन बोर्ड ने अब तक न तो रिजल्ट जारी किया है और न ही परिणाम की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की है। इस लंबे इंतजार के कारण लाखों छात्र और उनके अभिभावक असमंजस और चिंता की स्थिति में हैं। सोशल मीडिया पर भी लगातार छात्र रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं और बोर्ड से स्पष्ट अपडेट देने की अपील कर रहे हैं।
CBSE 10th Second Board Result 2026 LIVE Update Direct Link
कब हुई थी परीक्षा?
सीबीएसई ने कक्षा 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा का आयोजन 15 मई से 21 मई 2026 तक किया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों को उम्मीद थी कि जून के अंत या जुलाई की शुरुआत तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे लेकिन अब तक बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है।
CBSE की चुप्पी से बढ़ी परेशानी
सबसे बड़ी चिंता इस बात की है कि परिणाम में देरी को लेकर सीबीएसई ने कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण भी नहीं दिया है। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सेकेंड बोर्ड रिजल्ट की तारीख से जुड़ी कोई सूचना उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छात्र केवल अनुमान और मीडिया रिपोर्टों के भरोसे इंतजार कर रहे हैं।
छात्र और अभिभावक क्यों हैं परेशान?
रिजल्ट में देरी का असर केवल अंकों तक सीमित नहीं है। कई छात्र अपने अंतिम परिणाम के आधार पर स्कूल में विषय (स्ट्रीम) से जुड़े निर्णय, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक योजनाएं तय करना चाहते हैं। वहीं अभिभावकों का कहना है कि लंबे समय तक अनिश्चितता रहने से बच्चों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कई छात्र लगातार पूछ रहे हैं कि आखिर परिणाम कब घोषित होगा।
क्या इस सप्ताह जारी हो सकता है रिजल्ट?
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सीबीएसई कक्षा 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम जल्द जारी कर सकता है। हालांकि, जब तक बोर्ड की ओर से आधिकारिक नोटिस जारी नहीं होता, तब तक किसी भी संभावित तारीख की पुष्टि नहीं मानी जा सकती।
रिजल्ट जारी होने के बाद कहां देखें?
परिणाम घोषित होने के बाद छात्र अपना स्कोरकार्ड इन माध्यमों से देख सकेंगे
cbse.gov.in
results.cbse.nic.in
cbseresults.nic.in
DigiLocker
UMANG App
रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि जैसी जानकारी की आवश्यकता पड़ सकती है।
फिलहाल छात्रों को क्या करना चाहिए?
जब तक बोर्ड की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, छात्रों को अफवाहों से बचना चाहिए। किसी भी वायरल पोस्ट या अनौपचारिक नोटिस पर भरोसा करने के बजाय केवल CBSE के आधिकारिक पोर्टल पर नजर रखें। जैसे ही बोर्ड रिजल्ट जारी करेगा, डाउनलोड लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा।
