केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट देशों में 16 मार्च से शुरू होने वाली कक्षा 12वीं की परीक्षाओं को कैंसिल कर दिया है। बोर्ड ने रविवार (15 मार्च 2026) को एक नोटिस जारी कर मध्य पूर्व रीजन के 7 देशों बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को कैंसिल कर दिया है। बोर्ड ने यह फैसला इन देशों में चल रहे संघर्ष को देखते हुए लिया है। बता दें कि सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं की सभी परीक्षाएं भी कैंसिल कर दी गई हैं जो पहले स्थगित की गई थीं।
पहले स्थगित की गई परीक्षाएं भी हुईं कैंसिल
बोर्ड ने अपने ताजा नोटिस में कहा है कि मिडिल ईस्ट रीजन के 7 देशों (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE) में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कैंसिल की जा रही हैं। यह परीक्षा 16 मार्च से लेकर 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित होनी थी, लेकिन अब यह परीक्षाएं कैंसिल हैं। 1 मार्च से 9 मार्च के बीच जारी सर्कुलर के ज़रिए पहले पोस्टपोन किए गए एग्जाम भी कैंसल कर दिए गए हैं।
IIT बॉम्बे तक पहुंचा LPG संकट, हॉस्टल मेन्यू से हटा नॉन वेज; लंच और डिनर में मिलेंगे फ्रूट्स
संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपल को भेजा गया सर्कुलर
बोर्ड ने आगे कहा है कि जिन स्टूडेंट्स पर इसका असर पड़ेगा उनके बोर्ड रिजल्ट घोषित करने का तरीका सही समय पर अलग से घोषित करेगा। बोर्ड का सर्कुलर सभी 7 देशों में CBSE से जुड़े स्कूलों के प्रिंसिपल को भेज दिया गया है। इस सर्कुलर में कहा गया है कि इससे पहले बोर्ड ने 1, 3, 5, 7 और 9 मार्च को जो परीक्षाएं स्थगित की थीं उन्हें भी अब कैंसिल कर दिया गया है।
200 से अधिक स्कूलों पर पड़ेगा असर
बोर्ड के इस फैसले के बाद सातों मध्य पूर्व के देशों में 200 से अधिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों पर इसका असर पड़ेगा। विदेश मंत्रालय के 2023 के डेटा के मुताबिक, इस इलाके में CBSE बोर्ड से जुड़े करीब 217 स्कूल हैं। ये स्कूल भारत के इंस्टीट्यूशन की तरह ही एकेडमिक गाइडलाइंस के तहत काम करते हैं और भारतीय प्रवासी कम्युनिटी के बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को पढ़ाते हैं।
UAE में सबसे ज्यादा CBSE से जुड़े स्कूल हैं, जिनके 106 इंस्टीट्यूशन दुबई, अबू धाबी, शारजाह और दूसरे अमीरात में हैं। सऊदी अरब में 37 स्कूल हैं, जबकि कुवैत में 26 स्कूल हैं। ओमान में ऐसे 21 स्कूल हैं, कतर में 19 और बहरीन में सीबीएसई से जुड़े 8 स्कूल हैं।
