केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट चल रहे संघर्ष को देखते हुए 5 और 6 मार्च को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। बता दें कि बोर्ड ने इससे पहले 2 मार्च की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया था। बोर्ड ने मंगलवार (3 मार्च 2026) को एक सर्कुलर जारी कर यह कहा कि 5 और 6 मार्च की परीक्षा को स्थगित किए जाने का फैसला वर्तमान परिस्थितियों की समीक्षा के बाद लिया गया है। साथ ही बोर्ड ने यह भी कहा है कि आगे की परीक्षाओं को लेकर फैसला 5 मार्च को दोबारा होने वाली स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
इन देशों में स्थगित की गई परीक्षा
सीबीएसई बोर्ड की ओर से जारी किए गए सर्कुलर में कहा गया है, “बोर्ड ने मिडिल ईस्ट के देशों में मौजूदा हालात की गंभीरता से समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया है कि 5 और 6 मार्च को कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा को इन देशों में स्थगित किया जा रहा है:-
बहरीन
ईरान
कुवैत
ओमान
कतर
सऊदी अरब
यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE)
सीए इंटर और फाउंडेशन रिजल्ट 2026 की तारीख घोषित, icai.nic.in पर जारी होगा स्कोरकार्ड और मेरिट लिस्ट
5 मार्च के बाद फिर होगी स्थिति की समीक्षा
बोर्ड ने अपने आदेश में कहा है कि इन परीक्षाओं की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि 5 मार्च को स्थिति की पुनः समीक्षा की जाएगी और 7 मार्च से निर्धारित आगामी परीक्षाओं के संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा। इस सर्कुलर में स्टूडेंट्स को यह सलाह दी गई है कि इस वक्त विद्यार्थी सिर्फ अपने विद्यालयों के संपर्क में बने रहें और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
ईरान पर हुए हमले के बाद बने युद्ध के हालात
सीबीएसई बोर्ड ने इससे पहले 2 मार्च की परीक्षा को भी मध्य पूर्व के देशों में स्थगित कर दिया था। मध्य पूर्व में इस वक्त जो हालात बने हुए उन्हें देखते हुए संभावना यही है कि बोर्ड की सभी परीक्षाएं स्थगित की जा सकती हैं। ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति बन चुकी है। ईरान ने भी पलटवार करते हुए खाड़ी देशों में मिसाइल अटैक करना शुरू कर दिया है। संघर्ष की यह स्थिति ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद बनी है।
