CBSE Class 12th English Exam Analysis 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं इंग्लिश का बोर्ड एग्जाम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। परीक्षा के बाद छात्रों और शिक्षकों की शुरुआती प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसके अनुसार इस वर्ष का प्रश्नपत्र संतुलित और सिलेबस के अनुरूप रहा। पेपर में राइटिंग और लिटरेचर सेक्शन के माध्यम से छात्रों की समझ, एनालिटिकल थिंकिंग और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी का परीक्षण किया गया।
सिलेबस के अनुरूप और संतुलित रहा प्रश्नपत्र
गाजियाबाद के सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल की पीजीटी इंग्लिश गर्गी पराशर ने बताया कि प्रश्नपत्र का डिजाइन संतुलित था और यह पूरी तरह CBSE के पाठ्यक्रम और मूल्यांकन उद्देश्यों के अनुरूप था।
उन्होंने कहा कि पेपर में छात्रों की रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, एनालिटिकल थिंकिंग और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी को प्रभावी ढंग से परखा गया। रीडिंग पैसेज दिलचस्प थे और उचित स्तर की चुनौती देते थे, जबकि राइटिंग सेक्शन में छात्रों को अपने विचार स्पष्ट और व्यवस्थित तरीके से लिखने का अवसर मिला।
लिटरेचर सेक्शन में थीम और क्रिटिकल थिंकिंग पर जोर
शिक्षकों के अनुसार लिटरेचर सेक्शन में पाठ्यपुस्तकों के प्रमुख विषयों को शामिल किया गया था, जिससे छात्रों को गहराई से विश्लेषण करने का मौका मिला। कुल मिलाकर पेपर ऐसा था जो अलग-अलग क्षमता वाले छात्रों के लिए उपयुक्त रहा और सीखने के परिणामों का व्यापक मूल्यांकन कर सका।
तीनों सेक्शन का स्तर रहा औसत
गुरुग्राम के KIIT वर्ल्ड स्कूल की पीजीटी इंग्लिश प्रियंका यादव ने बताया कि प्रश्नपत्र के तीनों सेक्शन का कठिनाई स्तर औसत रहा। सेक्शन A में अनसीन पैसेज के जरिए रीडिंग और कॉम्प्रिहेंशन स्किल्स को परखा गया, जो अपेक्षाकृत आसान थे।
सेक्शन B में चार क्रिएटिव राइटिंग टास्क दिए गए, जिनमें नोटिस राइटिंग, इनविटेशन/रिप्लाई, लेटर राइटिंग और रिपोर्ट/आर्टिकल राइटिंग शामिल थे। प्रश्न स्पष्ट थे और छात्रों को मार्गदर्शन के लिए पर्याप्त संकेत दिए गए थे।
सेक्शन C में ज्यादातर सवाल इनफेरेंस आधारित थे और लिटरेचर सेक्शन में ‘रेफरेंस टू कॉन्टेक्स्ट’ (RTC) के प्रश्न CBSE के सैंपल पेपर के पैटर्न के अनुसार थे। लंबे उत्तर वाले प्रश्नों में विभिन्न अध्यायों और कविताओं के बीच संबंध स्थापित करने पर जोर दिया गया, जिससे छात्रों की गहरी समझ का आकलन किया जा सके।
MCQ प्रश्न रहे कॉम्पिटेंसी बेस्ड
शालीमार बाग स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल अल्का कपूर के अनुसार इस बार MCQ प्रश्न वास्तव में कॉम्पिटेंसी-आधारित थे। उन्होंने कहा कि इन सवालों ने छात्रों की समझ और अनुप्रयोग क्षमता को परखा, न कि केवल रटने की क्षमता को। अधिकांश प्रश्न विश्लेषणात्मक थे, जिससे छात्रों को विषयवस्तु को ध्यान से समझकर उत्तर देना पड़ा।
कुल मिलाकर कैसा रहा पेपर
शिक्षकों और छात्रों की प्रतिक्रिया के आधार पर कक्षा 12वीं इंग्लिश का पेपर, सिलेबस के अनुरूप और औसत स्तर की कठिनाई वाला रह, जो इनफेरेंस और एनालिटिकल सवालों पर आधारित था और कुल मिलाकर सभी क्षमता स्तर के छात्रों के लिए संतुलित रहा।
