सीबीएसई कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने में हो रही देरी ने स्टूडेंट्स की चिंता बढ़ा दी है। 15-21 मई 2026 के बीच आयोजित की गई कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा में जो स्टूडेंट शामिल हुए थे वह इन दिनों रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पहले बोर्ड की ओर से यह संकेत दिए गए थे कि रिजल्ट जून के आखिरी सप्ताह तक जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अब जून का महीना भी बीत गया है और जुलाई महीने के भी 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन रिजल्ट का इंतजार अभी भी किया जा रहा है। रिजल्ट में हो रही देरी से अब छात्र परेशान हैं।
रिजल्ट लेट होने से स्टूडेंट और पैरेंट्स की बढ़ी टेंशन
कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होने में हो रही देरी से स्टूडेंट्स को 11वीं क्लास में एडमिशन की डेडलाइन खत्म होने का डर सताने लगा है। स्टूडेंट्स के साथ-साथ पैरेंट्स की भी चिंता बढ़ गई है कि अगर रिजल्ट जारी होने में अधिक देरी की वजह से उनके बच्चे का साल खराब न हो जाए। कई स्कूलों का भी कहना है कि सीबीएसई 10वीं दोबारा परीक्षा की देरी की वजह से नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का कंसर्न
रिजल्ट में देरी को लेकर सोशल मीडिया पर भी स्टूडेंट्स की चिंता देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि क्लास 10वीं के रिजल्ट को नजरअंदाज किया जा रहा है। एजुकेटर राखी त्रिपाठी ने एक X पोस्ट में लिखा है, “पूरा फोकस अब कक्षा 12वीं पर चला गया है, जबकि कक्षा 10वीं के छात्रों को बीच मझधार में छोड़ दिया गया है। दूसरी बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट को लेकर अब तक कोई स्पष्टता नहीं है और पहली बोर्ड परीक्षा की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया भी अभी तक लंबित है।”
एक और अन्य यूजर ने X पोस्ट में लिखा है कि महाराष्ट्र राज्य के स्टूडेंट्स ने अपने फेज़ 1 के रिज़ल्ट के आधार पर कॉलेज एडमिशन लिया था। अब सेकंड बोर्ड की परीक्षा देने का पूरा आइडिया क्लास 10 के स्टूडेंट्स के लिए बेकार और डिमोटिवेटिंग हो गया है।
रिजल्ट में देरी की वजह से क्या दिक्कतें हो रही हैं छात्रों को?
10वीं के रिजल्ट में हो रही देरी की वजह से न सिर्फ 11वीं में एडमिशन का नामांकन प्रक्रिया लटकी हुई है बल्कि स्कूल ट्रांसफर, स्कॉलरशिप के लिए आवेदन जैसे जरूरी औपचारिकताएं भी रिजल्ट में देरी की वजह से अटकी हुई हैं। बता दें कि सीबीएसई ने इस साल से ही 10वीं कक्षा के लिए सेकंड बोर्ड एग्जाम का सिस्टम लागू किया था। सेकंड बोर्ड एग्जाम में करीब 58 हजार स्टूडेंट शामिल हुए हैं जिसमें कि कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट कैटेगिरी के तहत छात्रों ने परीक्षा दी है।
25 जून, 2025 के एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन में सीबीएसई बोर्ड ने कहा था कि CBSE सेकंड बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट जून 2026 में घोषित किए जाएंगे। हालांकि, क्लास 10 के स्टूडेंट्स के लिए सेकंड बोर्ड एग्जाम रिजल्ट जारी करने की टाइमलाइन के बारे में कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की गई है।
