केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। 15 मई 2026 से शुरू होने वाली सेकंड बोर्ड परीक्षा में जो स्टूडेंट शामिल होने वाले हैं उनके लिए यह एक बड़ा अपडेट है। हालांकि स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड ऑनलाइन नहीं बल्कि ऑफलाइन तरीके से ही प्राप्त होंगे। सीबीएसई बोर्ड ने एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जारी किए हैं और सिर्फ स्कूल ही ऑनलाइन तरीके से प्रवेश पत्र को डाउनलोड कर सकते हैं।

स्टूडेंट्स को कैसे प्राप्त होंगे एडमिट कार्ड?

सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड उनके स्कूल से ही प्राप्त होंगे। बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से स्कूल प्रिंसिपल ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद स्कूल प्रमुख की स्टैंप के बाद ही वह एडमिट कार्ड मान्य होंगे।

CBSE 12th Result 2026: कैसे कैलकुलेट होते हैं सीबीएसई बोर्ड एग्जाम के मार्क्स, मॉडरेशन,ग्रेस मार्क्स और रिलेटिव ग्रेडिंग का पूरा सिस्टम यहां समझें

6 लाख से अधिक बच्चे हो सकते हैं इन परीक्षाओं में शामिल

सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा 15 मई से शुरू होंगी। एग्जाम एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होंगे। इन परीक्षाओं में 6 लाख से अधिक स्टूडेंट्स के शामिल होने का अनुमान है। स्टूडेंट्स की सही संख्या एग्जाम के बाद रिजल्ट जारी किए जाने के वक्त ही जारी की जाएगी।

इस साल से ही शुरू हुआ है Two Exam System

बता दें कि इस साल से CBSE ने ‘Two Exam System’ शुरू किया है जिससे स्टूडेंट्स को अपने स्कोर को सुधारने का एक और मौका मिलेगा अगर वे मेन (पहली) परीक्षा में अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। अलग-अलग कैटेगरी में कुल 6,68,854 रेगुलर स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया है। इसमें कम्पार्टमेंट एग्जाम के लिए 85,285 स्टूडेंट्स, इंप्रूवमेंट के लिए 5,25,655 स्टूडेंट्स और दोनों कैटेगरी के लिए 57,914 स्टूडेंट्स शामिल हैं।

छात्रों के लिए कुछ जरूरी दिशानिर्देश

एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही बोर्ड ने कुछ जरूरी दिशानिर्देश भी जारी किए हैं जिनका पालन स्टूडेंट्स को करना होगा।

रिपोर्टिंग टाइम: स्टूडेंट्स को सुबह 10:00 बजे से पहले एग्जाम सेंटर पहुंचना होगा। इसके बाद एंट्री नहीं मिलेगी।

ड्रेस कोड और डॉक्यूमेंट्स: स्टूडेंट्स को सही स्कूल यूनिफॉर्म पहननी होगी और अपना स्कूल आइडेंटिटी कार्ड और CBSE द्वारा जारी एडमिट कार्ड साथ रखना होगा।

रिस्ट्रिक्टेड आइटम्स: सिर्फ़ बेसिक स्टेशनरी की इजाज़त है। एग्जाम हॉल के अंदर मोबाइल फ़ोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह से बैन हैं।

कंडक्ट: स्टूडेंट्स को WhatsApp, Telegram, YouTube, या X (पहले Twitter) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफ़वाहें नहीं फैलानी चाहिए या एग्जाम से जुड़ा कंटेंट शेयर नहीं करना चाहिए।