केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने बुधवार (15 अप्रैल 2026) को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया। इस साल हाई स्कूल में ओवरऑल 93.70 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए। इस रिजल्ट की खास बात यह रही कि सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन शानदार रहा। इस साल सरकारी स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 91.43 प्रतिशत रहा। हालांकि प्राइवेट स्कूलों का उससे ज्यादा था, लेकिन दोनों का अंतर बहुत कम रहा। प्राइवेट स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 93.77 फीसदी रहा।
केवी स्कूलों का पास प्रतिशत रहा पहले स्थान पर
इस साल सीबीएसई बोर्ड 10वीं के रिजल्ट की एक और अच्छी बात ये रही कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्कूलों का प्रदर्शन लगातार 8वीं साल बेहतरीन स्तर का रहा। इस साल 1,254 केवी स्कूलों का पास प्रतिशत 99.57 प्रतिशत दर्ज किया गया। सरकारी स्कूलों की श्रेणी में केवी स्कूल का पास प्रतिशत सबसे पहले स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर जवाहर नवोदय स्कूलों का पास प्रतिशत रहा, जिनका पास प्रतिशत करीब 99.42 फीसदी रहा। वहीं सामान्य सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 91.43 फीसदी रहा।
2019 के बाद से केवी स्कूलों का पास प्रतिशत
केंद्रीय विद्यालय का पिछले 8 साल में 10वीं का पासिंग प्रतिशत शानदार रहा है। 2021 (कोविड महामारी) को छोड़ भी दें तो केवी स्कूलों का पास प्रतिशत 2019 के बाद से 96–100 फीसदी के बीच ही रहा है जबकि नेशनल एवरेज 91–94 परसेंट के बीच रहा है। सिर्फ 2022 (96.61%) में और 2023 (98.00%) में थोड़ी कमी देखी गई थी उसके अलावा 2020, 2024 और 2025 में केवी स्कूलों का पास प्रतिशत 99 फीसदी से ऊपर ही रहा। 2026 में तो यह आंकड़ा 100 पर्सेंट के काफी करीब पहुंच गया है।
KV हर स्कूल कैटेगरी में सबसे आगे
CBSE से जुड़े स्कूलों की सभी कैटेगरी में केंद्रीय विद्यालय 99.57% के साथ लिस्ट में सबसे ऊपर रहे। उसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय 99.42% के साथ दूसरे नंबर पर रहे। इंडिपेंडेंट स्कूलों ने 93.77%, सरकारी स्कूलों ने 91.43%, और सरकारी मदद वाले स्कूलों ने 91.01% रिजल्ट दिया। KV स्कूलों और सरकारी स्कूलों की बड़ी कैटेगरी के बीच 8 परसेंटेज पॉइंट से ज्यादा का अंतर है।
केंद्रीय विद्यालय का पिछले साल का रीजन वाइज परफॉर्मेंस
केवीएस के 25 एडमिनिस्ट्रेटिव रीजन में 2025 के डेटा से पता चलता है कि तीन क्षेत्रों — एर्नाकुलम, हैदराबाद, और KVS (HQ) — ने एकदम 100 परसेंट रिजल्ट दिया था। एर्नाकुलम रीजन का रिजल्ट 2016 के बाद से हर साल शानदार रहता है। इस एक दशक में इस रीजन में 10वीं का पास प्रतिशत 99.66 फीसदी से अधिक ही रहा है। पिछले तीन साल में तो यह पास प्रतिशत 99.98 फीसदी रहा है।
हैदराबाद रीजन भी 2020 से 2025 के बीच में 100 फीसदी के आसपास रिजल्ट हासिल करता आया है। इस दौरान कभी-कभी इस रीजन का रिजल्ट 99.48 फीसदी से नीचे नहीं गया।
