बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिणाम की घोषणा कर दी गई है। बिहार बोर्ड द्वारा जारी इंटर के परीक्षा परिणाम में बताया गया है कि इस साल कुल 85.19 प्रतिशत स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास कर ली है। हर साल की तरह लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों के मुकाबले अधिक रहा है। इस साल कुल 86.23 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं जबकि 84.09 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं।

कहां चेक करें परिणाम?

रिजल्ट की घोषणा होने के बाद स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट्स — interbiharboard.com और bsebexam.com — पर अपना रोल नंबर और लॉगिन क्रेडेंशियल का इस्तेमाल करके रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा स्टूडेंट्स Jansatta.com/education और Education.indianexpress.com पर भी परिणाम चेक और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

26 टॉपर्स में 19 लड़कियां शामिल

बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों का ही दबदबा रहा है। मेरिट सूची में भी छात्राओं की संख्या अधिक है। बिहार बोर्ड 12वीं के परीक्षा परिणाम 2026 में कुल 26 स्टूडेंट्स ने टॉप किया है जिसमें से 19 लड़कियां शामिल हैं। आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम की टॉपर लड़कियां ही हैं। कॉमर्स स्ट्रीम से साक्षी कुमारी और सपना कुमारी ने टॉप किया है। इन दोनों के ही 500 में से 479 मार्क्स हैं। वहीं साइंस स्ट्रीम से समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने टॉप किया है। उन्हें 481 नंबर मिले हैं जबकि आर्ट्स स्ट्रीम से गया जिले की नीशु कुमारी ने टॉप किया है। उन्हें 479 मार्क्स मिले हैं।