बिहार की राजधानी पटना के बाद अब यूपी की राजधानी लखनऊ में भी जिला प्रशासन ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। दरअसल, लखनऊ के डीएम ने 21 अप्रैल 2026, मंगलवार को एक आदेश जारी कर जिले के सभी स्कूलों को सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित करने का ऑर्डर दिया है। डीएम का यह आदेश 22 अप्रैल से पूरे जिले में लागू होगा। इस आदेश के बाद लखनऊ में नर्सरी (प्री-प्राइमरी) से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों (सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट) में यही टाइमिंग लागू होगी।

पटना में पहले आया था ऑर्डर

बता दें कि इससे पहले पटना जिला प्रशासन ने सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का ऐलान किया था। डीएम के आदेश के बाद जिले में प्री प्राइमरी और आंगनवाड़ी केंद्रों, पांचवीं तक के स्कूलों की टाइमिंग 11:30 बजे तक कर दी गई तो वहीं 8वीं तक के स्कूल 12:30 बजे तक खुले रहेंगे।

25 अप्रैल तक लागू रहेगी यह टाइमिंग

पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जिले में 22 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल 2026 तक कक्षा 5 तक के सभी स्कूल (प्राइवेट और सरकारी, प्री-स्कूल/आंगनवाड़ी सहित) की गतिविधियां सुबह 11:30 बजे के बाद बंद रहेंगी। वहीं कक्षा 8 तक की कक्षाओं की पढ़ाई दोपहर 12:30 बजे के बाद नहीं होगी। इस आदेश में कहा गया है कि सभी स्कूल और संस्थान इस ऑर्डर का पालन करें।

यूपी-उत्तराखंड समेत ये 4 बोर्ड रिजल्ट अगले 2-3 हफ्ते में होने वाले हैं जारी, यहां देखें पूरी डिटेल; डिजिलॉकर ने दिया अपडेट

24 घंटे में दूसरी बार आया आदेश

बता दें कि पटना जिला प्रशासन ने पिछले 24 घंटे के अंदर दूसरी बार स्कूलों की टाइमिंग में यह बदलाव किया है। पहले आदेश में 8वीं कक्षा के छात्रों को राहत नहीं दी गई थी, लेकिन अब नए आदेश में पटना जिला प्रशासन ने 8वीं कक्षा तक के छात्रों को भी राहत दे दी है। नए आदेश के मुताबिक, कक्षा 8 तक के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद कक्षाओं के संचालन पर रोक रहेगी।

बिहार में बढ़ती गर्मी

बता दें कि बिहार में पिछले एक सप्ताह से गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। दक्षिण बिहार और उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाके के जिलों मे लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राज्य के 11 जिलों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान दर्ज किया जा रहे हैं तो अधिकतम 43.3 डिग्री तक तापमान पहुंच चुका है। राजधानी पटना में भी सोमवार को 40 डिग्री तापमान दर्ज किए गए और 2.02 डिग्री सामान्य से ऊपर रहे। स्कूलों की टाइमिंग में हुए बदलाव को देखते हुए ये माना जा रहा है कि गर्मियों की छुट्टियां भी जल्द पड़ जाएंगी।