यूपीएससी सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार (6 मार्च 2026) को जारी कर दिया गया। आयोग ने रिजल्ट के साथ-साथ टॉपर्स के नाम की सूची भी जारी की। इस लिस्ट में कई नाम ऐसे हैं जिनकी सक्सेस स्टोरी किसी भी व्यक्ति को प्रेरित कर सकती है। टॉपर्स की इस लिस्ट में ऐसा ही एक नाम बिहार के नवादा जिले के रहने वाले रविराज का है जिन्होंने ऑल इंडिया लेवल पर 20वीं रैंक हासिल की है। रविराज की स्टोरी वाकई इस एग्जाम की तैयारी करने वाले लोगों को प्रेरित करने का काम करेगी।

किसान के बेटे हैं रविराज

नवादा के अकबरपुर प्रखंड के महुली गांव के रहने वाले रविराज ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और लगन से यह साबित कर दिया है कि किसी भी बाधा को कड़ी मेहनत से पार किया जा सकता है। उनकी इस सफलता से न केवल नवादा जिले का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन हुआ है। रविराज एक किसान के बेटे हैं और इससे पहले बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन में राजस्व अधिकारी के पद पर चयनित होकर जिला टॉपर रह चुके हैं।

UPSC टॉपर बनी तमिलनाडु की डिप्टी कलेक्टर, टॉप 25 में 11 लड़कियों ने लहराया परचम

ठीक से देख नहीं सकते रविराज

रविराज की उपलब्धि इसलिए भी खास बन जाती है क्योंकि वह दृष्टिबाधित हैं और ठीक से देख नहीं पाते। रविराज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नवादा में ही दयाल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई सत्येंद्र नारायण सिंह इंटर स्कूल से पूरी की जबकि सीताराम साहू कॉलेज से उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया।

घर पर रहकर ही की तैयारी

रविराज ने अपनी तैयारी के बारे में बताया कि उन्होंने इस एग्जाम को बिना कोचिंग के पास किया। उन्होंने बताया कि वह हर दिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे। यह पहला अवसर है जब उनके क्षेत्र से किसी ने यूपीएससी में इतनी बेहतर रैंक प्राप्त की है। रविराज की सफलता पर उनकी माता विभा सिन्हा और पिता रंजन कुमार सिन्हा बेहद प्रसन्न हैं। उनकी मां ने अपने बेटे के संघर्ष और सफलता की कहानी मीडिया को बताई है।