बिहार में कक्षा 12वीं के रिजल्ट का इंतजार अब कभी भी खत्म हो सकता है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने रिजल्ट जारी किए जाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। दरअसल, बोर्ड ने संभावित टॉपर्स का फिजिकल वेरिफिकेशन यानी ‘टॉपर वेरिफिकेशन’ की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया तब शुरू की जाती है जब रिजल्ट पूरी तरह से तैयार हो जाता है और यह रिजल्ट जारी किए जाने से पहले का आखिरी काम होता है। अब बोर्ड की ओर से जल्द ही रिजल्ट जारी किए जाने की तारीख घोषित की जाएगी।

क्या होता है टॉपर वेरिफिकेशन प्रोसेस?

बिहार बोर्ड रिजल्ट को अंतिम रूप देने से पहले इस पारदर्शी प्रक्रिया को संपन्न करता है। बोर्ड के अधिकारी रिजल्ट जारी करने से पहले आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की एक लिस्ट बनाते हैं। इस लिस्ट में जिन स्टूडेंट्स का नाम होता है उन्हें बोर्ड मुख्यालय में बुलाया जाता है जहां एक्सपर्ट की एक टीम उनका इंटरव्यू लेती है।

Bihar Board 12th Result 2026: बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट का खत्म होने वाला है इंतजार, जानें पिछले पांच साल में कब-कब घोषित हुआ परिणाम?

इस दौरान छात्रों से उनके विषयों से संबंधित सवाल किए जाते हैं और उनकी हैंडराइटिंग को उनकी आंसर शीट से मिलाया जाता है। ऐसा इसलिए किया जाता है क्योंकि बोर्ड यह सुनिश्चित करता है कि छात्र ने स्वयं ही परीक्षा दी है। इस प्रक्रिया के बाद रिजल्ट जारी होता है।

कब जारी हो सकता है 12वीं का रिजल्ट?

अभी बिहार बोर्ड ने कक्षा 12वीं के रिजल्ट को जारी किए जाने से संबंधित कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि इंटर परीक्षा का परिणाम 20 मार्च के बाद कभी भी जारी हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12वीं का रिजल्ट 20 से 25 मार्च के बीच कभी भी जारी हो सकता है। ऐसे में रिजल्ट जारी किए जाने की आधिकारिक तारीख का ऐलान अगले 2-3 दिन में हो जाएगा।

रिजल्ट जारी होने के बाद कहां करें चेक?

बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स इन वेबसाइट्स पर चेक कर पाएंगे- biharboardonline.com, biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com