बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम 29 मार्च 2026, रविवार को जारी कर दिया। कुल 28 दिन की मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद बोर्ड ने फाइनली 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल का पासिंग प्रतिशत 81.79 फीसदी रहा जो कि पिछले 5 साल में सबसे कम है। इस साल करीब 15 लाख बच्चे परीक्षा में उपस्थित हुए थे जिसमें से 12,35,743 स्टूडेंट्स पास हुए हैं। ऐसे में जो स्टूडेंट्स पास नहीं हो पाए हैं उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। बोर्ड उन्हें अपना रिजल्ट बदलने का एक और अवसर देगा।
1 अप्रैल से कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए करें आवेदन
बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में जो स्टूडेंट्स एक या दो सब्जेक्ट में पास नहीं हो पाए हैं वह बिहार बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। स्टूडेंट उन सब्जेक्ट का पेपर दोबारा दे सकते हैं जिनमें वह फेल हो गए हैं। कम्पार्टमेंट एग्जाम के लिए एप्लीकेशन प्रोसेस 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा और 7 अप्रैल तक चलेगा।
स्क्रूटनी और स्पेशल एग्जाम के लिए भी करें रजिस्ट्रेशन
बिहार बोर्ड कंपार्टमेंट परीक्षा के अलावा उन स्टूडेंट्स के लिए भी स्पेशल एग्जाम कंडक्ट करेगा जो पहले अपने एग्जाम नहीं दे पाए थे या जिन्हें दूसरे मौके की जरूरत है। इसके लिए भी एप्लीकेशन प्रोसेस उन्हीं तारीखों में चलेगा। जिन स्टूडेंट्स को लगता है कि उनके मार्क्स उनकी उम्मीद से कम हैं तो ऐसे स्टूडेंट्स स्क्रूटनी प्रक्रिया के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इस प्रोसेस से बोर्ड मार्क्स को फिर से जांच सकेगा ताकि यह पक्का हो सके कि कोई गलती न हो। इसके लिए भी एप्लीकेशन 1 अप्रैल से लेकर 7 अप्रैल तक चलेंगे।
मई के आखिर तक जारी होगा कम्पार्टमेंट एग्जाम का रिजल्ट
बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 अप्रैल को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद अप्लाई करने वाले छात्रों के लिए एडमिट कार्ड जारी होंगे और फिर परीक्षा आयोजित होंगी। बीएसईबी मैट्रिक कंपार्टमेंट एग्जाम 2026 का आयोजन मई 2026 के पहले या दूसरे सप्ताह में (संभावित 2 से 7 मई 2026) होने की उम्मीद है। इसका शेड्यूल जल्द बोर्ड की ओर से जारी होगा। कम्पार्टमेंट एग्जाम का रिजल्ट मई के आखिर तक जारी कर दिया जाएगा।
कंपार्टमेंट एग्जाम में भी 33 पर्सेंट लाने होंगे मार्क्स
बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स अगर उन परीक्षाओं में पास हो जाते हैं तो वह बिना किसी देरी के अपनी पढ़ाई जारी रख पाएंगे। वे अगले एकेडमिक सेशन में शामिल हो सकते हैं। जो स्टूडेंट्स अपनी मैट्रिक एग्जाम पास करना चाहते हैं, उन्हें हर सब्जेक्ट में कम से कम 33 परसेंट मार्क्स लाने होंगे। जो स्टूडेंट्स इसे हासिल नहीं कर पाते हैं, वे दिए गए ऑप्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
