अधिकतर राज्यों में बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट जारी किए जा चुके हैं। सीबीएसई और CISE बोर्ड का रिजल्ट भी जारी हो गया है। वहीं यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे बड़े राज्यों के बोर्ड रिजल्ट भी घोषित किए जा चुके हैं। इस बीच 12वीं क्लास के स्टूडेंट्स के लिए रिजल्ट के बाद का समय काफी महत्वपूर्ण होता है क्योंकि उन्हें सही करियर ऑप्शन क विकल्प सेलेक्ट करके आगे की पढ़ाई के लिए दाखिला लेना होता है। हालांकि कुछ स्टूडेंट्स 12वीं के बाद कोई प्रोफेशनल कोर्स करके नौकरी की तलाश में लग जाते हैं।
स्ट्रीम वाइज करियर ऑप्शन
12वीं के बाद स्टूडेंट्स को स्ट्रीम वाइस करियर ऑप्शन का चयन करना होता है। साइंस स्ट्रीम के अधिकतर स्टूडेंट्स मेडिकल और इंजीनियरिंग की राह चुनते हैं जबकि कॉमर्स स्ट्रीम के स्टूडेंट्स के पास बैंकिंग, फाइनेंस और CA बनने जैसे करियर विकल्प होते हैं। अब बात आती है आर्ट्स स्ट्रीम की तो इस स्ट्रीम के छात्रों के पास करियर विकल्प बहुत ज्यादा होते हैं। आर्ट्स स्ट्रीम के बेस्ट करियर ऑप्शन का चयन न सिर्फ आर्ट्स के स्टूडेंट्स करते हैं बल्कि साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम से भी पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स इन करियर विकल्पों को चुनते हैं। यहां इस आर्टिकल में हम आपको 12वीं आर्टस् के छात्रों के लिए करियर के बेहतरीन ऑप्शन के बारे में बता रहे हैं।
- जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन
12वीं आर्ट्स स्ट्रीम से पढ़ने वाले अधिकतर स्टूडेंट्स की पसंद यह फील्ड होती है। मीडिया, समाचार, लेखन और कम्युनिकेशन में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए यह फील्ड बहुत काम की फील्ड है। डिजिटल मीडिया, समाचार पोर्टल, यूट्यूब चैनल और कंटेंट मार्केटिंग के उदय के साथ पत्रकारिता सबसे अधिक मांग वाले करियर में से एक है। पत्रकारिता और जनसंचार में बीए करने वाले छात्रों को टेलीविजन, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रिंट मीडिया और जनसंपर्क में करियर के लिए तैयार किया जाता है।
करियर स्कोप
इस फील्ड का कोर्स करने के बाद छात्रों को पत्रकार (समाचार पत्र, टीवी, ऑनलाइन), न्यूज ऐंकर, जनसंपर्क (पीआर) कार्यकारी, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया मैनेजर जैसे करियर स्कोप मिल जाते हैं। अधिकतम 3 साल का यह कोर्स होता है और सैलरी 3-8 लाख प्रतिवर्ष होती है। यह सैलरी क्राइटेरिया किसी प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान का है।
- बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA)
जो छात्र पेटिंग, डिजाइनिंग, मूर्तिकला और कलात्मक क्षेत्रों में रूचि रखते हैं उनके लिए यह कोर्स बेस्ट ऑप्शन है। बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) कला और डिजाइन उद्योग में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक विशेष डिग्री है। इसमें ग्राफिक डिजाइन, फोटोग्राफी, एनीमेशन, पेंटिंग और मूर्तिकला का सिलेबस शामिल है।
करियर स्कोप
बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) करने के बाद आप ग्राफिक डिजाइनर, एनिमेशन, एडोब इलस्ट्रेटर, आर्ट डायरेक्टर, Advertising Designer के रूप में काम कर सकते हैं। BFA का कोर्स 3-4 साल की अवधि का होता है। शीर्ष कंपनियों में नौकरी मिलने के बाद 3-6 लाख प्रति सालाना की सैलरी आराम से मिल जाती है।
- बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी)
12वीं आर्ट्स स्ट्रीम से करने के बाद वकालत की फील्ड अधिकतर स्टूडेंट्स की पसंदीदा फील्ड होती है। कानून, न्याय और सामाजिक मुद्दों में रुचि रखने वाले छात्र लॉ सेक्टर में अपना करियर बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें 12वीं के बाद किसी सरकारी या प्राइवेट यूनिवर्सिटी में LLB कोर्स में एडमिशन लेना है। सरकारी कॉलेजों में एडमिशन के लिए एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाता है।
लॉ सेक्टर में करियर अत्यधिक सम्मानित और आर्थिक रूप से फायदेमंद है। एलएलबी पूरा करने के बाद छात्र अदालतों, कॉर्पोरेट लॉ फर्म और या सरकारी कानूनी विभागों में काम कर सकते हैं। LLB करने के बाद आप वकील (सिविल, क्रिमिनल, कॉर्पोरेट), लीगल एडवाइजर, कॉर्पोरेट वकील और न्यायाधीश (न्यायिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद) बन सकते हैं। बीए के बाद यह कोर्स 3 साल का है और बीए के साथ यह कोर्स 5 साल का है। वकालत की डिग्री के बाद 5 से 12 लाख रुपए सालाना की कमाई की जा सकती है।
- बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट (BHM)
आज के समय में हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में जो छात्र होटल, पर्यटन और इवेंट मैनेजमेंट इंडस्ट्री में अपना करियर बनाना चाहते हैं उनके लिए बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट (BHM) एक बेहतरीन करियर ऑप्शन है। यह कोर्स छात्रों को होटल संचालन, ग्राहक सेवा, फूड प्रोडक्शन और इवेंट मैनेजमेंट जैसी प्रोफेशनल स्किल्स सिखाता है।
दुनिया भर में लक्जरी होटल, रिसॉर्ट्स, एयरलाइंस और क्रूज इंडस्ट्री के विस्तार से इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि होटल मैनेजमेंट को युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय प्रोफेशनल कोर्स में गिना जा रहा है। यह एक अंडरग्रेजुएट कोर्स है जिसकी अवधि सामान्यतः 3 से 4 साल होती है। इस कोर्स में छात्रों को होटल संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस मैनेजमेंट, हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी बिजनेस से जुड़ी जानकारी दी जाती है।
करियर स्कोप
BHM करने के बाद छात्रों के लिए कई आकर्षक करियर विकल्प उपलब्ध होते हैं। इस कोर्स को करने के बाद आप होटल मैनेजर, शेफ (Chef), टूरिज्म मैनेजर, इवेंट प्लानर के रूप में काम कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र एयरलाइंस, क्रूज लाइन, रिसॉर्ट्स और इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी कंपनियों में भी नौकरी पा सकते हैं। शुरुआती औसत सैलरी लगभग ₹4 लाख से ₹9 लाख प्रति वर्ष तक हो सकती है।
- फैशन डिजाइनिंग
फैशन की रूचि तो आजकर हर युवा के अंदर है। अच्छे कपड़े पहनना और अच्छा लुक बनाना अगर ये स्किल आपके अंदर है तो आप फैशन डिजाइनिंग में अपना करियर बना सकते हैं। आज के दौर में फैशन इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है और इसमें युवाओं के लिए कई आकर्षक अवसर मौजूद हैं। फैशन डिजाइनिंग में बी.डेस (Bachelor of Design) या बी.एससी (Bachelor of Science) की डिग्री छात्रों को ग्लैमरस और क्रिएटिव इंडस्ट्री में पहचान बनाने का मौका देती है।
फैशन डिजाइनिंग कोर्स के दौरान छात्रों को कपड़ा प्रौद्योगिकी (Textile Technology), फैशन स्टाइलिंग, डिजाइनिंग, फैशन मार्केटिंग और ट्रेंड एनालिसिस जैसी महत्वपूर्ण चीजें सिखाई जाती हैं। इसके साथ ही छात्रों को क्रिएटिव डिजाइन बनाने और फैशन इंडस्ट्री की व्यावसायिक समझ भी दी जाती है।
करियर स्कोप
फैशन डिजाइनिंग की डिग्री हासिल करने के बाद छात्र कई क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं, जैसे—
फैशन डिजाइनर
स्टाइलिस्ट
फैशन मर्चेंडाइज़र
फैशन ब्लॉगर
इसके अलावा फैशन ब्रांड्स, फिल्म इंडस्ट्री और लक्जरी फैशन हाउस में भी काम मिल जाता है। इस क्षेत्र में औसत वेतन 3 लाख रुपए से लेकर 10 लाख रुपए प्रति वर्ष होता है।
