कल्पना कीजिए… आप किसी दोस्त से मिलने जाते हैं। दोनों के बीच बातचीत बिल्कुल सहज है, कोई बनावटीपन नहीं, कोई तयशुदा तरीका नहीं। अब उसी व्यक्ति से आप किसी कार्यालय में आधिकारिक बैठक के दौरान मिलते हैं। बातचीत का अंदाज बदल जाता है, शब्दों का चयन सोच-समझकर होता है और व्यवहार में एक निश्चित शिष्टाचार दिखाई देता है।

यही अंतर ‘औपचारिक’ और ‘अनौपचारिक’ के बीच है। ‘औपचारिक’ शब्द उस व्यवहार, प्रक्रिया, भाषा या व्यवस्था के लिए प्रयोग होता है, जो किसी निश्चित रीति, नियम, परंपरा या शिष्टाचार के अनुसार हो।

जनसत्ता.कॉम की ‘सही हिंदी’ मुहिम का उद्देश्य हिंदी भाषा की शुद्धता, सुंदरता और व्याकरणिक समझ को आम पाठकों तक सरल रूप में पहुंचाना है। साथ ही ऐसे शब्दों का प्रयोग, जिनका हम प्रतिदिन की जिंदगी में करते हैं, लेकिन उनके सही अर्थ और सही संदर्भ को लेकर स्पष्टता कम होती है।

यह पहल दैनिक जीवन में बोले और लिखे जाने वाले शब्दों के सही रूप, अर्थ, उच्चारण और व्याकरण को समझाकर भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। आज की कड़ी का शब्द ‘औपचारिक’ है।

शब्द रचना

  • मूल शब्द: उपचार
  • प्रत्यय: इक
  • शब्द निर्माण: उपचार + इक: औपचारिक (यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि उपचार का अर्थ केवल इलाज नहीं होता। संस्कृत-हिंदी में इसके अर्थ व्यवहार, शिष्टाचार, रीति, सेवा-सत्कार आदि भी हैं)
  • अर्थात औपचारिक का अर्थ निश्चित नियम, रीति, परंपरा या शिष्टाचार के अनुसार किया जाने वाला होता है।

व्याकरण का नियम (इक प्रत्यय का प्रभाव)

हिंदी और संस्कृत व्याकरण के अनुसार, जब किसी शब्द के अंत में ‘इक’ प्रत्यय जुड़ता है तो उस शब्द के पहले अक्षर की मात्रा बड़ी (दीर्घ/वृद्धि) हो जाती है। नियमानुसार, यदि पहला स्वर ‘उ’ या ‘ऊ’ है तो वह ‘इक’ प्रत्यय लगने पर ‘औ’ में बदल जाता है।

‘औपचारिक’ का प्रयोग किसी ऐसी बात, व्यवहार, प्रक्रिया या संबंध के लिए किया जाता है, जिसमें व्यक्तिगत सहजता की बजाय निर्धारित नियम या सामाजिक शिष्टाचार का पालन किया जाता है।

औपचारिकता क्या है?

‘औपचारिक’ से बना शब्द ‘औपचारिकता’ है। इसका अर्थ किसी निर्धारित रीति या शिष्टाचार का पालन करने की स्थिति या प्रक्रिया है।

शब्द का महत्व

‘औपचारिक’ शब्द हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है। औपचारिक बातचीत, औपचारिक शिक्षा, औपचारिक बैठक, औपचारिक घोषणा, औपचारिक पत्र जैसे प्रयोग आम हैं। हालांकि, ‘औपचारिक’ का अर्थ केवल गंभीर या कठोर होना नहीं है। किसी व्यवहार का निश्चित नियम या सामाजिक शिष्टाचार के अनुरूप होना उसे औपचारिक बनाता है।

औपचारिक और अनौपचारिक में अंतर

  • औपचारिक: निर्धारित नियम, प्रक्रिया या शिष्टाचार के अनुसार।
  • अनौपचारिक: सहज, निजी और बिना निर्धारित औपचारिक प्रक्रिया के।

उदाहरण

  • कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारी को भेजा गया ईमेल औपचारिक हो सकता है, जबकि उसी अधिकारी से निजी बातचीत अनौपचारिक हो सकती है।
  • किसी समारोह में केवल सामाजिक परंपरा निभाने के लिए किसी से मिलना या शुभकामना देना औपचारिकता हो सकता है।
  • किसी अधिकारी को लिखा गया पत्र औपचारिक हो सकता है, जबकि दोस्त को भेजा गया संदेश अनौपचारिक होता है।
  • अपनी सेवा या पद से त्यागपत्र देने के लिए एक औपचारिक पत्र लिखना आवश्यक होता है।

समानार्थी शब्द

आधिकारिक, नियमानुसार, विधिवत, शिष्ट, परंपरागत। यहां पर ध्यान देने वाली बात यह है कि ‘औपचारिक’ और ‘आधिकारिक’ हर संदर्भ में एक-दूसरे के पूर्ण पर्याय नहीं हैं। ‘आधिकारिक’ का संबंध अधिकतर अधिकृत या प्राधिकृत होने से है, जबकि ‘औपचारिक’ का संबंध निश्चित रीति, नियम या शिष्टाचार से है।

विलोम शब्द

अनौपचारिक, अनौपचारिकता से रहित, सहज। (संदर्भानुसार)

अभिप्राय

‘औपचारिक’ केवल किसी काम के नियम के अनुसार होने का संकेत नहीं देता, बल्कि हमारे सामाजिक व्यवहार में शिष्टाचार, मर्यादा और निर्धारित प्रक्रिया की भूमिका को भी दर्शाता है। यही कारण है कि कार्यालय से लेकर शिक्षा, राजनीति और सामाजिक जीवन तक यह शब्द लगातार सुनने को मिलता है। हिंदी की यही विशेषता है, एक शब्द और अर्थ की पूरी दुनिया।

Aupcharik meaning in Hindi, Formal meaning in Hindi, Jansatta Sahi Hindi
औपचारिक शब्द का सही अर्थ।

सही हिंदी 49: ‘अध्यक्ष ने टिप्पणी को असंसदीय बताया’, जानिए ‘असंसदीय’ का अर्थ, प्रयोग और शब्द-रचना

राजनीतिक बहसों और टीवी न्यूज में आपने अक्सर ‘असंसदीय भाषा’ का जिक्र सुना होगा। आखिर इस शब्द के दायरे में क्या-क्या आता है? जनसत्ता की ‘सही हिंदी’ मुहिम की इस कड़ी में आइए समझते हैं संसद और समाज की मर्यादा से जुड़े शब्द का अर्थ और इसकी बनावट। (पूरा लेख पढ़ने के लिए क्लिक करें)