असम में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए एक बड़ा अपडेट है। दरअसल, पिछले 1-2 दिन से सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा थी कि असम बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 17 अप्रैल को जारी किया जाएगा। हालांकि बोर्ड की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन छात्रों के बीच ये खबर फैल चुकी थी कि असम बोर्ड 12वीं का रिजल्ट शुक्रवार (17 अप्रैल) को जारी होगा, लेकिन राज्य के शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस खबर को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि असम बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 17 अप्रैल को जारी नहीं हो रहा।
क्या कहा शिक्षा मंत्री ने?
शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “HS (12वीं) एग्जाम रिजल्ट कल घोषित नहीं किए जाएंगे। यह एक अफवाह है।” शिक्षा मंत्री का यह ट्वीट गुरुवार देर रात 10 बजे के करीब किया गया। उन्होंने इस पोस्ट में राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भी टैग किया। हालांकि इस स्पष्टीकरण के साथ उन्होंने ये तो नहीं बताया कि रिजल्ट की घोषणा कब की जाएगी, लेकिन माना जा रहा है कि असम बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 20 अप्रैल के आसपास जारी किया जा सकता है।
कब आयोजित हुई थीं असम बोर्ड 12वीं की परीक्षा?
बता दें कि इस साल असम HS एग्जाम 11 फरवरी से 16 मार्च, 2026 के बीच आयोजित हुए थे। इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 3,30,744 स्टूडेंट्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। पिछले साल असम HS रिजल्ट 30 अप्रैल को सुबह 9 बजे जारी हुआ था जिसमें कुल 3,02,420 स्टूडेंट्स ने HS एग्जाम दिए थे। पिछले एकेडमिक सेशन में AHSEC असम बोर्ड HS क्लास 12 के एग्जाम 13 फरवरी से 17 मार्च के बीच दो शिफ्ट में हुए थे, और प्रैक्टिकल कंपोनेंट 29 जनवरी से 10 फरवरी तक हुआ था।
पिछले साल का स्ट्रीम वाइज रिजल्ट
पिछले साल असम बोर्ड 12वीं में सबसे अधिक स्टूडेंट आर्ट्स स्ट्रीम (2,30,091) के थे। इसके बाद साइंस में 57,724 स्टूडेंट्स, कॉमर्स में 17,869 स्टूडेंट्स और वोकेशनल एजुकेशन में 1,241 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी।
HS आर्ट्स स्ट्रीम में 81.03% स्टूडेंट्स पास हुए; साइंस में पास रेट 84.88% था; कॉमर्स में 82.18% स्टूडेंट्स पास हुए। वहीं, वोकेशनल स्ट्रीम के स्टूडेंट्स का पास परसेंटेज 68.55% रहा।
