इसमें कोई दोराय नहीं कि मतदाता सूची में सिर्फ वैसे लोगों का ही नाम रहना चाहिए, जो इससे संबंधित नियमावली की कसौटी के मुताबिक पात्र हों। मगर इसमें यह पक्ष भी अनिवार्य रूप से शामिल है कि पात्रता सुनिश्चित किए जाने के क्रम में किसी भी स्थिति में वैध मतदाता सूची से बाहर या वोट देने के अधिकार से वंचित न हों। अफसोस की बात यह है कि निर्वाचन आयोग की ओर से अलग-अलग राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के लिए जिस तरह का अभियान चलाया गया, वह शुरू से सवालों के घेरे में रहा।

कई राज्यों से खबरें आईं कि वहां बड़ी संख्या में वैसे लोगों का नाम मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए, जो इसकी पात्रता की कसौटी पर सही थे। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने कई सवाल उठाए, दिल्ली सहित कई राज्यों में व्यापक आंदोलन भी हुए। मगर न तो निर्वाचन आयोग को शायद कभी एसआईआर की खामियों और उसके नतीजों के बारे में सोचने की जरूरत महसूस हुई और न ही सरकार को प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करना जरूरी लगा।

अब विपक्षी दलों ने एक बार फिर इस मसले को सुप्रीम कोर्ट के सामने रखा और इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किए जाने की उम्मीद की। इसी संदर्भ में मतदाता सूची में ‘बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और एसआईआर में अनियमितताओं’ के आरोपों पर तेरह विपक्षी दलों की याचिका पर शीर्ष अदालत ने गुरुवार को नोटिस जारी कर निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाब मांगा। याचिका में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने और अन्य गड़बड़ियों की जांच कराने के लिए एक स्वतंत्र समिति बनाने की मांग की गई है।

इस संबंध में एसआईआर की समूची प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव को लेकर भी कई सवाल उठे थे। इसी वजह से शीर्ष अदालत से एसआईआर से जुड़े सभी आंतरिक रिकॉर्ड और ब्योरे पेश करने का निर्देश देने का आग्रह किया गया है। साथ ही सूची से हटाए गए नाम सार्वजनिक करने और नाम हटाने की वजह बताने के समांतर योग्य मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने और अंतिम फैसले से पहले राज्यों में जारी एसआईआर की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने की मांग भी की गई है।

यह समझना मुश्किल है कि देश भर में एसआईआर की प्रक्रिया पर उठे सवालों को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग इतने उदासीन क्यों हैं, जबकि इससे संबंधित व्यापक गड़बड़ियों के तथ्य सामने आते रहे। खुद आयोग के भीतर ही सदस्यों के बीच असहमति की खबरें आईं। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में अपीलीय न्यायाधिकरणों में पहुंचे दावों में से नब्बे फीसद से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची में फिर से बहाल किए गए। यह मामला अपने आप में एसआईआर की समूची प्रक्रिया की कसौटी पर सवाल उठाता है।

मगर इस पर विचार करने के बजाय सरकार एसआईआर के मुद्दे पर उभरे विरोध प्रदर्शन को दबाने में ज्यादा सक्रिय दिखी। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों से लेकर वकीलों और पत्रकारों तक के साथ पुलिस ने जैसा बर्ताव किया, इंटरनेट बाधित करने, मेट्रो के कई स्टेशनों से निकास रोकने तथा ट्रेनें रद्द करने की खबरें आईं, वे अप्रत्याशित थीं। यह सब कुछ एक तरह से सरकार के रवैये और निर्वाचन आयोग की साख पर सवाल है, जो अंतिम तौर पर जनता के भरोसे की बुनियाद पर टिका है। मगर सरकार इस बात से फिक्रमंद नहीं लग रही है कि इससे देश के लोकतंत्र के सामने कैसी चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।